Hindi News

‘राहुल गांधी देश में शुरू करना चाहते हैं गृह युद्ध..’ बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह बोला हमला, निशिकांत दुबे ने सदस्यता खत्म करने की मांग की

Written by:Shyam Dwivedi
Last Updated:
संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों पर भारी हंगामा हुआ है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन पर देश में गृह युद्ध कराने की कोशिश का आरोप लगाया, वहीं भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उनकी सदस्यता समाप्त करने के लिए प्रस्ताव पेश किया है।
‘राहुल गांधी देश में शुरू करना चाहते हैं गृह युद्ध..’ बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह बोला हमला, निशिकांत दुबे ने सदस्यता खत्म करने की मांग की

नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयानों को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, जिसमें उन पर देश को गुमराह करने से लेकर गृह युद्ध भड़काने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यह विवाद इतना बढ़ गया है कि सदन में उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने और उनकी सदस्यता रद्द करने तक की मांग उठ रही है।

राहुल गांधी ने सदन में भारत-अमेरिका ट्रेड डील, पूर्व सेनाध्यक्ष एमएम नरवणे की किताब और एपस्टीन फाइल्स जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा था, जिसके बाद सत्ता पक्ष ने उनके बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही को कई बार स्थगित भी करना पड़ा।

‘देश में गृह युद्ध कराना चाहते हैं राहुल गांधी’

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी को देश का ‘सबसे बड़ा झूठा’ करार देते हुए कहा कि वह देश में सिविल वॉर यानी गृह युद्ध शुरू करना चाहते हैं।

“देश में राहुल गांधी से बड़ा कोई झूठा नहीं है। वह देश में सिविल वॉर शुरू करना चाहते हैं। वह सच के मंदिर में झूठ बोलते हैं। जब चीन, कंबोडिया और बरेली से जुड़ी आपकी फाइलें खुलेंगी, तो आपको पता चल जाएगा। भारत की जनता आपको पहचान चुकी है और आप दोबारा कभी सत्ता में नहीं आएंगे।”- गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शासन में किसानों के साथ अन्याय नहीं हो सकता और राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया जाना चाहिए।

सदस्यता खत्म करने और चुनाव पर आजीवन रोक की मांग

मामले को एक कदम और आगे ले जाते हुए, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ एक प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने मांग की है कि इस मुद्दे पर सदन में चर्चा हो और राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त कर दी जाए।

निशिकांत दुबे ने कहा, “मैंने आज लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ एक मोशन पेश किया है कि कैसे वे सोरोस जैसी ताकतों की मदद से देश को गुमराह कर रहे हैं। मैंने मांग की है कि इस पर चर्चा हो और राहुल गांधी की सदस्यता खत्म कर दी जाए और उन पर जिंदगी भर के लिए चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी जाए।”

अन्य बीजेपी नेताओं ने भी साधा निशाना

इस मुद्दे पर कई अन्य भाजपा नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि राहुल गांधी एक गंभीर पद पर हैं और उन्हें अपने पद की गरिमा को समझना चाहिए। उन्होंने कहा, “जिस तरीके से वह मर्यादा छोड़कर सिर्फ सदन में बोलने के लिए बातों को बोलते हैं, वह सही नहीं है।”

वहीं, गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा कि राहुल गांधी बिना सबूत के कुछ भी कह रहे हैं, जो लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा, “यह फ्रस्ट्रेशन के अलावा कुछ नहीं है। अगर मैं कोई बात सदन में लाता हूं, तो मुझे सपोर्टिंग सबूत चाहिए।” भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर राहुल गांधी के भाषण से कई शब्दों को हटाने की भी मांग की है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews