Hindi News

भाजपा नेता की जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या, मामले की जांच के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया

Written by:Rishabh Namdev
Published:
उत्तर प्रदेश के संभल इलाके में तीन अज्ञात बाइक सवारों ने भाजपा नेता की जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इसके लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया है।

उत्तर प्रदेश के संभल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, भाजपा नेता की जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के पीछे तीन बाइक सवारों को जिम्मेदार माना जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने इन तीन बाइक सवारों को आरोपी माना है। जिस भाजपा नेता की हत्या की गई है, उनका नाम गुलफाम सिंह यादव है। वर्तमान में गुलफाम सिंह यादव की पत्नी ग्राम प्रधान हैं।

गुलफाम सिंह यादव संभल से भाजपा के नेता थे। रिपोर्ट के अनुसार, तीन बाइक सवार आरोपियों ने घर में घुसकर गुलफाम सिंह को जहरीला इंजेक्शन लगाया, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।

इलाज के दौरान हुई मौत

हालांकि, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीसीटीवी की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसके लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जानकारी दी कि तीन अज्ञात बाइक सवारों ने उन्हें इंजेक्शन लगाया था, जिससे उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही पुलिस

परिजनों ने भाजपा नेता गुलफाम सिंह को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। इसके लिए पुलिस की चार टीमें सड़क किनारे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके चलते आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि अलीगढ़ में डॉक्टरों का पैनल भाजपा नेता का पोस्टमार्टम कर रहा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews