Hindi News

Delhi News: दिल्ली बीजेपी ने पंजाब की मदद के लिए बढ़ाए हाथ, बाढ़ राहत सामग्री भेजने की तैयारी!

Written by:Vijay Choudhary
Published:
Delhi News: दिल्ली बीजेपी ने पंजाब की मदद के लिए बढ़ाए हाथ, बाढ़ राहत सामग्री भेजने की तैयारी!

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कैबिनेट मंत्रियों संग बीजेपी कार्यालय में अहम बैठक की। इसमें सेवा पखवाड़ा की तैयारियों और दिल्ली-पंजाब की बाढ़ से निपटने के लिए राहत सामग्री भेजने की रणनीति पर चर्चा हुई।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ दिल्ली बीजेपी कार्यालय पहुंचीं। यहां दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. पहला, 6 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की तैयारियां और दूसरा, दिल्ली व पंजाब में आई बाढ़ के हालात। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू हुई और इसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद, विधायक, मंत्री और पार्षद भी शामिल हुए।

राहत सामग्री भेजने की तैयारी

बैठक में बाढ़ प्रभावित इलाकों को राहत सामग्री भेजने की रणनीति बनाई गई। तय हुआ कि आटा, चावल, दाल और जरूरी सामान बड़ी मात्रा में पंजाब भेजा जाएगा। स्थानीय स्तर पर पैकेज तैयार करने और जरूरत के हिसाब से सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

दिल्ली करेगी पूरा सहयोग

बैठक के बाद बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार और संगठन मिलकर पंजाब के लोगों की मदद करेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की और भरोसा दिलाया कि दिल्ली पूरी तरह से सहयोग करेगी।

विपक्ष पर वार और हालात का जायजा

सचदेवा ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उन्हें दिल्ली की याद आई है। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में यमुना के गेट बंद रखे जाते थे, जबकि अब सभी गेट खुले हैं और पानी का बहाव सामान्य है। उन्होंने बताया कि कई जगह टेंट लगाए गए हैं और मंत्री प्रवेश वर्मा हालात का जायजा ले चुके हैं।

केंद्र और संगठन की सक्रियता

बीजेपी नेताओं ने बताया कि केंद्र सरकार और संगठन मिलकर राहत कार्यों में जुटे हैं। हाल ही में शिवराज सिंह चौहान और तरुण चुग ने पूरे दिन पंजाब का दौरा किया। संदेश साफ है कि दिल्ली बीजेपी न केवल अपने राज्य बल्कि पड़ोसी राज्यों की मदद के लिए भी तैयार है।

Vijay Choudhary
लेखक के बारे में
पछले पांच सालों से डिजिटल पत्रकार हैं. जुनूनी न्यूज राइटर हैं. तीखे विश्लेषण के साथ तेज ब्रेकिंग करने में माहिर हैं. देश की राजनीति और खेल की खबरों पर पैनी नजर रहती है. View all posts by Vijay Choudhary
Follow Us :GoogleNews