दिल्ली शराब घोटाला मामले में आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित 23 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त और ठोस सबूत पेश नहीं कर सकी इसलिए आरोप तय करने का आधार नहीं बनता। अदालत ने फैसले में स्पष्ट किया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ कोई साजिश साबित नहीं होती। कोर्ट ने कहा कि मामला बुनियादी स्तर पर भी ट्रायल के लिए पर्याप्त नहीं है और इसमें कोई आपराधिक इरादा या व्यापक साजिश नहीं दिखती।
कोर्ट का आदेश आने के बाद केजरीवाल मीडिया से बात करते हुए भावुक हो गए और उनके आंसू निकल आये, केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ सालों से भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से शराब घोटाले को लेकर हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी, आज कोर्ट ने सारे आरोप खारिज कर दिए और जितने भी अभियुक्त थे सबको आरोपमुक्त कर दिया, केजरीवाल बोले हम हमेशा कहते थे सत्य की जीत होती है। हमें भारतीय न्यायप्रणाली पर भरोसा है। मैं हमेशा कहता था कि भगवान हमारे साथ है। सत्य की जीत हुई है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वो कट्टर ईमानदार है और उन्होंने अपनी जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है।
केजरीवाल बोले- पीएम मोदी और अमित शाह ने रचा षड्यंत्र
कोर्ट के बाहर मीडिया से बात करने के बाद केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस की और कहा कि मेरे खिलाफ पूरा षड्यंत्र पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने रचा है इन्हें देश से माफ़ी मांगनी चाहिए, केजरीवाल बोले इन दोनों ने मुझे ख़त्म करने का षड्यंत्र रचा, आम आदमी पार्टी को खत्म करने का षड्यंत्र रचा ये आजाद भारत का सबसे घिनौना षड्यंत्र है, केजरीवाल ने कहा ये हमें दिल्ली में नहीं हरा सकते थे क्योंकि जनता हमसे खुश थी तो ऐसे हराने की कोशिश की।
साबित हो गया कि आम आदमी पार्टी और उसके नेता कट्टर ईमानदार हैं
अरविंद केजरीवाल बोले मैंने ईमानदारी कमाई है इज्जत कमाई है और भाजपा इसी पर चोट करना चाहती थी लेकिन कोर्ट ने आज साबित कर दिया कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, पूरी आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है, उन्होंने कहा कि लोग कह रहे थे कि जेल से आने के बाद केजरीवाल गायब हो गया मैं कहीं गायब नहीं हुआ था मैंने तय किया था जब तक दोषमुक्त साबित नहीं होता तब तक चुप रहूँगा, क्योंकि मैं कोई नेता नहीं हूँ वो मोटी चमड़ी के होते हैं उन्हें फर्क नहीं पड़ता लेकिन मुझपर जो आरोप लगाये गए उससे लेकिन मुझे फर्क पड़ता है इसलिए चुप था।
पीएम मोदी पर साधा निशाना, बताया कैसे केजरीवाल को रोक सकते हैं
आक्रोशित केजरीवाल ने कहा हमने जो सहा है वो बहुत कम है लेकिन हमारे परिवारों ने जो सहा उसकी कल्पना नहीं की जा सकती, भाजपा हामरे नेताओं को जेल भेजकर भी हमें रोक नहीं पाई क्योंकि अरविंद केजरीवाल को रोकना आसान नहीं है, उन्होंने कहा सिर्फ एक तरीके से मोदी जी मुझे रोक सकते है वो ये कि हमारा क़त्ल करवा दें, दूसरा एक और तरीका है देश में केजरीवाल से ज्यादा काम करके दिखा दे कि जिससे लोग केजरीवाल को भूल जाएँ लेकिन वो ऐसा कर नहीं सकते क्यों उन्हें तो सत्ता की हवस है जिसके कारण उन्होंने मेरे खिलाफ शराब घोटाले का षड्यंत्र रचा।






