नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक रेड लाइट पर रुकी गाड़ी में जोरदार धमाका हो गया। इस घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इसमें कुछ लोगों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) समेत कई शीर्ष एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कमिश्नर ने दी घटना की जानकारी
घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने मीडिया को बताया कि शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि एक धीमी गति से चल रही गाड़ी जैसे ही रेड लाइट पर आकर रुकी, उसमें एक जोरदार विस्फोट हो गया।
ये भी पढ़ें
““आज शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर यहाँ एक रेड लाइट के पास एक स्लो मूविंग वाहन, जो रेड लाइट की ओर आकर रुका था, उसमें एक विस्फोट (explosion) हुआ है। उस समय गाड़ी के अंदर मौजूद यात्री उसी के अंदर थे। इस विस्फोट से आसपास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुँचा है।
जैसे ही घटना की जानकारी मिली, दिल्ली पुलिस, एफएसएल (FSL), एनआईए (NIA) और एनएसजी (NSG) की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और हालात का जायजा ले रही हैं। हर स्तर पर इस विस्फोट की जांच की जा रही है। बहुत जल्द जांच पूरी कर इसके परिणाम की जानकारी साझा की जाएगी।
इस घटना में कुछ लोगों को चोटें आई हैं और कुछ लोगों की मौत की भी सूचना है। स्थिति का लगातार मूल्यांकन किया जा रहा है। सटीक आंकड़े कुछ ही देर में साझा किए जाएंगे।
पूरी स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है, उच्च अधिकारियों को नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है, और जैसे ही कोई निष्कर्ष सामने आएगा, उसे सार्वजनिक किया जाएगा। फिलहाल घटना की विस्तृत जांच जारी है।”
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, धमाके के समय गाड़ी के अंदर यात्री मौजूद थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी चपेट में आकर आसपास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
NIA और NSG समेत कई एजेंसियां जांच में जुटीं
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कई जांच एजेंसियों को मौके पर बुलाया गया। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं।
सभी एजेंसियां मिलकर विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है और सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि विस्फोट का नेचर और इसके पीछे के कारणों का आकलन किया जा रहा है।
घायलों और मृतकों के सही आंकड़ों का इंतजार
सतीश गोलचा ने स्पष्ट किया कि इस धमाके में कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं, लेकिन उन्होंने सटीक आंकड़े तुरंत नहीं बताए। उन्होंने कहा, “अभी हालात का जायजा लिया जा रहा है और एग्जेक्ट आंकड़े जो हैं आपको कुछ ही देर में बता दी जाएगी।” उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें साझा किया जाएगा।
अगर खबरों को सही मानें तो धमाका जिस गाड़ी में हुआ वह i20 ह्युंडई कार थी, और धमाके के वक्त 3 लोग कार के अंदर थे। धमाके का समान कार की डिक्की में होने की बात कही जा रही है।