दिल्ली के रामलीला मैदान में आज SIR के खिलाफ INDIA ब्लॉक की बड़ी रैली हो रही है। दरअसल इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत 21 विपक्षी दलों के नेता शामिल होंगे। वहीं राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेता रैली को संबोधित करेंगे। विपक्ष की मांग है कि चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच हो और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें।
दरअसल विपक्षी नेताओं का मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड से शुरू होकर अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान पहुंचेगा। दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति दी है।
ये भी पढ़ें
जानिए SIR के खिलाफ विपक्ष की रैली में कौन-कौन होगा शामिल?
बता दें कि INDIA ब्लॉक की इस रैली में 21 विपक्षी दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी समेत कई नेताओं के संबोधन का कार्यक्रम है। रामलीला मैदान के बाहर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और खड़गे के कटआउट भी लगाए गए हैं। रैली का मुख्य मुद्दा चुनाव आयोग की ओर से कराई जा रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR प्रक्रिया है। विपक्षी दलों का आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से पात्र लोगों के नाम हटाए जा सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहा है। चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर विपक्ष के आरोपों को लेकर राजनीतिक बहस जारी है।
अभिजीत दिपके ने भी दिया समर्थन
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाने वाले संगठनों को समर्थन देने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनका संगठन गैर-राजनीतिक और स्वतंत्र मंच है इसलिए वह आधिकारिक तौर पर रैली में शामिल नहीं होगा।
व्यापारियों ने जताई चिंता
दरअसल रामलीला मैदान के आसपास रैली और मार्च के चलते दिल्ली के कई बाजारों में कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, नया बाजार, चावड़ी बाजार, दरियागंज और कश्मीरी गेट जैसे थोक बाजारों पर इसका असर पड़ सकता है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने INDIA ब्लॉक के दलों को पत्र लिखकर रैली की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की थी। व्यापारियों के संगठन ने त्योहारी सीजन में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ने का अनुमान जताया है। उनका कहना है कि बैरिकेडिंग और ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण दिल्ली के बाहर से आने वाले खरीदार बाजारों तक नहीं पहुंच पाएंगे।
इस मुद्दे पर राहुल गांधी ने शनिवार रात सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से अपील की कि वे रैली में शामिल होने के साथ दिल्ली के व्यापारियों से खरीदारी भी करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय बाहर से आने वाले लोग स्थानीय कारोबारियों की मदद कर सकते हैं। राहुल ने व्यापारियों को होने वाले नुकसान की आशंका को लेकर फैलाई जा रही बातों को भी खारिज किया।
