देश में पेट्रोल डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। इसी वृद्धि के बीच आज महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियों की ओर से गैस सिलेंडर के दाम जारी कर दिए गए हैं। पेट्रोल डीजल के बाद अब एलपीजी के दामों में भी इजाफा देखने को मिला है। एक बार फिर आम आदमी महंगाई के संकट से जूझता दिखाई दे रहा है।
जो नए दाम जारी किए गए हैं, उसके बाद कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 42 रुपए बढ़ गई है। 5 किलो वाले एफटीएल सिलेंडर के दाम भी 11 रुपए बढ़ाए गए हैं। हालांकि घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कहां कितनी है LPG की कीमत
इस नई वृद्धि के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपए हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत 3255.50 रुपए हो चुकी है। मुंबई में इसकी कीमत 3067.50 रुपए और चेन्नई में 3283 रुपए हो गई है।
आज से लागू हुई कीमतें
देशभर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई यह वृद्धि आज से लागू हो गई है। 5 किलोग्राम वाला छोटू सिलेंडर भी महंगा हो गया है और दिल्ली में इसकी कीमत में 821.50 रुपए हो गई है।
जनवरी से हो रहा इजाफा
कमर्शियल सिलेंडर के दाम में लगातार हो रही ये वृद्धि जनवरी से देखने को मिल रही है। 19 किलोग्राम का सिलेंडर दिल्ली में जनवरी में 169 1.5 0 रुपए था। फरवरी में इसके दाम 49 रुपए, मार्च में 115 रुपए और अप्रैल में 195.50 रुपए बढ़ाए गए। मई में हैरान कर देने वाली 993 रुपए की वृद्धि हुई थी। पिछले 6 महीनों में कीमतों में आए इस अंतर के बाद सिलेंडर के रेट 3113.50 पर पहुंच गए हैं।
पेट्रोल डीजल पर घटी एक्सपोर्ट ड्यूटी
केंद्र सरकार की ओर से 1 जून से पेट्रोल डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी कम करने का ऐलान किया गया था। सरकार की ओर से पेट्रोल पर लगने वाला विंडफॉल गेन टैक्स 1.50 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है। डीजल पर ये 13.50 रुपए प्रति लीटर है। वहीं एटीएफ पर ये घटाने के बाद 9.50 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
कच्चे तेल की कीमत
बता दें कि मिडिल ईस्ट के तनाव की वजह से कच्चे तेल की कीमत में काफी तेजी देखने को मिली है। हालांकि शांति की उम्मीद के बीच पिछले हफ्ते कीमतों में 11 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी। वैसे अब नए हफ्ते के साथ आज कच्चा दिल एक बार फिर उछाल खाता नजर आया। ब्रेंट क्रूड का शुरूआती कारोबार में दाम 2.55 फीसदी यानी 2.32 की तेजी के साथ 93.44 डॉलर प्रति बैरल ट्रेड कर रहा है।






