पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को भाजपा पर तीखा तंज कसते हुए देखा गया। कुछ दिनों से वो बोल रही हैं कि भाजपा टीएमसी नेताओं को परेशान कर रही है। लेकिन इससे वह डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने एक वीडियो मैसेज के जरिए ये सब कुछ कहा है।
ममता बनर्जी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर भाजपा उन्हें चुप कराना चाहती है तो उसे उनकी जान लेनी होगी। वह यह कहती नजर आईं कि भाजपा उनकी आवाज दबाने की हर संभव कोशिश कर रही है। चलिए जान लेते हैं कि उन्होंने अपने इस वीडियो में क्या-क्या कहा है।
ममता बनर्जी का वीडियो
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इस वीडियो को शेयर किया गया है। इसमें ममता बनर्जी ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि उनकी पार्टी को तोड़ने और नेताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह बयान तब दिया है जब उनकी पार्टी के 3 पूर्व सांसद भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा ने उन्हें पश्चिम बंगाल उपचुनाव का उम्मीदवार भी बना दिया है।
A person with conviction speaks her mind. @MamataOfficial (with sub-titles in English) pic.twitter.com/R60DBd1RtT
— Derek O’Brien | ডেরেক ও’ব্রায়েন (@derekobrienmp) July 10, 2026
चुप करवाना है तो मारना होगा
अपनी वीडियो में ममता बनर्जी ने कहा कि अगर आपको मुझे चुप करवाना है तो तुम्हें मुझे मारना होगा। तुमने इसके लिए अपनी तरफ से कोई कमी नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनकी पार्टी के कई बड़े नेताओं को निशाना बनाया है। अभिषेक बनर्जी से लेकर महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी को भी परेशान किया गया। उन्होंने दावा किया कि उनके घर तक पर हमला किया गया। वह उन नेताओं और कार्यकर्ताओं के बारे में बात करती नजर आईं जो इस समय हिरासत में है। टीएमसी प्रमुख ने आरोप लगाया है कि लॉकअप में उनके नेताओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई लोगों को जमीन पर सोने के लिए मजबूर किया जा रहा है और कुछ को कमर में रस्सी बांधकर पैरों में बेड़ियां लगाकर घुमाया जा रहा है। उन्होंने यह आरोप लगाया कि कुछ नेताओं का सिर मुंडवा दिया गया है और अपमानजनक व्यवहार किया गया है।
TMC में होने का दिखावा कर रहे लोग
पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं पर भी ममता ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा राजनीति में विश्वास सबसे बड़ी चीज होती है लेकिन कुछ नेता जनता के भरोसे को तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा जो लोग पार्टी के खिलाफ काम कर रहे हैं उन्हें यह फैसला करना होगा कि वह या तो पार्टी के साथ काम करें या फिर खुलकर भाजपा शामिल हो जाएं। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन यह कहा कि कुछ लोग टीएमसी में रहने का दिखावा कर रहे हैं लेकिन भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पार्टी कार्यकर्ता को गुमराह करना बंद करना चाहिए। कोई जाना चाहता है तो सीधा चला जाए यहां रहकर भाजपा के लिए काम ना करें।
3 सीटों पर होना है उपचुनाव
बता दें कि पश्चिम बंगाल में जब से सत्ता परिवर्तन हुआ है तब से टीएमसी को लगता है झटका लग रहे हैं। कई विधायक सांसद और वरिष्ठ नेता ऐसे हैं जिन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया है। 24 जुलाई को तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। जिसमें भाजपा ने सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराई को अपना उम्मीदवार बनाया है। यह तीनों तृणमूल का साथ छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। जिस दिन इन तीनों सीटों पर मतदान होगा मत करना भी उसी दिन की जाएगी। बीजेपी इन सीटों पर भी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।






