नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार देशभर से 20.8 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने एग्जाम दिया था, लेकिन सफलता की सबसे बड़ी कहानी लिखी है राजस्थान के महेश कुमार ने। हनुमानगढ़ निवासी और सीकर में कोचिंग करने वाले महेश ने पूरे देश में पहली रैंक हासिल कर ली है। खास बात ये है कि उन्होंने ये मुकाम पहले ही अटेम्प्ट में पा लिया। कोटा के तीन और स्टूडेंट्स ने भी टॉप-10 में जगह बनाई है, जिससे एक बार फिर राजस्थान का दबदबा दिखा है।
दरअसल महेश कुमार, जिन्होंने सीकर की गुरुकृपा कोचिंग से तैयारी की, NEET UG 2025 के टॉपर बने हैं। वे पिछले तीन साल से सीकर में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। उनके माता-पिता दोनों ही सरकारी कर्मचारी हैं। महेश ने पहले ही प्रयास में ये बड़ी सफलता हासिल की है, जो उनके मेहनत और लगन का नतीजा है।
NEET UG 2025 टॉप-10 में कोटा के तीन स्टूडेंट्स
NEET के टॉप-10 रैंक में राजस्थान के चार स्टूडेंट्स ने नाम दर्ज कराया है। इनमें से तीन ने कोटा की मशहूर एलेन कोचिंग इंस्टीट्यूट से तैयारी की। दिल्ली के मृणाल किशोर झा को चौथी रैंक, चंडीगढ़ के केशव मित्तल को सातवीं रैंक और अहमदाबाद के भव्य झा को आठवीं रैंक मिली है। इन सभी ने कोटा में रहकर अपनी मेडिकल एंट्रेंस की तैयारी की थी।
ऐसे करें रिजल्ट चेक
स्टूडेंट्स अपना रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। होमपेज पर ‘NEET UG 2025 Result’ लिंक पर क्लिक करें और आवेदन संख्या, जन्म तिथि और सिक्योरिटी पिन डालकर रिजल्ट देखें। रिजल्ट में नाम, रोल नंबर, अंक, ऑल इंडिया रैंक और कट-ऑफ की जानकारी मिलेगी। दरअसल रिजल्ट के बाद अब मेडिकल काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (MCC) ऑल इंडिया कोटा के लिए चार चरणों में MBBS और BDS की सीटों पर एडमिशन प्रक्रिया पूरी करेगी।






