Hindi News

मनमोहन सिंह ने पीएम बनने का दिया था प्रस्ताव, राहुल गांधी ने ठुकरा दिया; पप्पू यादव का बड़ा दावा

Written by:Mini Pandey
Published:
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक विपक्ष की ओर से उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान नहीं होता, संसद का कामकाज नहीं चल पाएगा।
मनमोहन सिंह ने पीएम बनने का दिया था प्रस्ताव, राहुल गांधी ने ठुकरा दिया; पप्पू यादव का बड़ा दावा

बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने दावा किया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ओर से पेश किए गए प्रधानमंत्री पद के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। पप्पू यादव ने एक इंटरव्यू में राहुल गांधी को जीनियस और सच्चाई बोलने का साहस रखने वाला बताते हुए कहा कि उन्होंने एक पल में प्रधानमंत्री का पद अस्वीकार कर दिया। यह बयान यादव ने एएनआई न्यूज एजेंसी को दिए साक्षात्कार में दिया जिसमें उन्होंने कहा, “मनमोहन सिंह जी ने कहा, राहुल तुम बनो प्रधानमंत्री, उन्होंने कहा कि कभी नहीं।”

पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक विपक्ष की ओर से उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान नहीं होता, संसद का कामकाज नहीं चल पाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष और उनके नेता राहुल गांधी ने कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की है जिन पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

बिहारियों पर हमले का उठाया मुद्दा

पप्पू यादव ने बिहार और बिहारियों पर हमले, गरीबों और गरीबी पर हमले को सबसे बड़े मुद्दे करार दिया। उन्होंने कहा, “बिहार और बिहारियों पर हमला, गरीबों और गरीबी पर हमला, ये सबसे बड़े मुद्दे हैं। जब तक सरकार इन मुद्दों को वापस नहीं लेती, सदन नहीं चलेगा।” उन्होंने इन मुद्दों को संसद के मॉनसून सत्र में उठाने की बात कही जो सोमवार से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगा।

राहुल गांधी की भूमिका को लेकर चर्चा तेज

इस सत्र में सरकार कई विधेयकों को चर्चा और पारित करने के लिए पेश करने की तैयारी में है। पप्पू यादव के बयान ने संसद में विपक्ष की रणनीति और राहुल गांधी की भूमिका को लेकर चर्चा तेज कर दी है। उनके दावे ने यह भी संकेत दिया कि विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की पूरी तैयारी में है।