मणिपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सूत्रों के अनुसार, यह दौरा 13 या 14 सितंबर को हो सकता है जब वह असम और मिजोरम की यात्रा पर होंगे। इंफाल और चुराचांदपुर में बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कांगला फोर्ट में 15000 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था के साथ एक भव्य मंच बनाया जा रहा है। इंफाल हवाई अड्डे से कांगला फोर्ट तक सड़कों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
चुराचांदपुर जिला प्रशासन ने ड्रोन, यूएवी, गुब्बारों और अन्य हवाई उपकरणों के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। कांगला फोर्ट और चुराचांदपुर जिला मुख्यालय में हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। सीनियर अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अन्य तैयारियां भी की जा रही हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की एक आधिकारिक टिप्पणी के अनुसार, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री 13 सितंबर से असम की दो दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे, जहां वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह मिजोरम की राजधानी आइजोल जाएंगे जहां 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी-सैरंग रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगे। मणिपुर में यह दौरा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि राज्य फरवरी 2024 से राष्ट्रपति शासन के तहत है और मई 2023 से कुकी-जो व मेइती समुदायों के बीच जातीय हिंसा के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
अब तक 258 लोगों की मौत
मणिपुर में मई 2023 से चली आ रही हिंसा में अब तक 258 लोगों की मौत हो चुकी है, 1000 से अधिक लोग घायल हुए हैं और 60000 से ज्यादा लोग विस्थापित हुए हैं। कई लोग अभी भी राहत शिविरों में रह रहे हैं। इस संवेदनशील स्थिति के बीच प्रधानमंत्री का दौरा राज्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





