Hindi News

पीएम मोदी आज हिमाचल और पंजाब का करेंगे दौरा, बाढ़ स्थिति का लेंगे जायजा; जानें पूरा शेड्यूल

Written by:Mini Pandey
Published:
पीएम मोदी के दौरे से पहले पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने तीखा बयान जारी कर केंद्र से कम से कम 20,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की मांग की है।
पीएम मोदी आज हिमाचल और पंजाब का करेंगे दौरा, बाढ़ स्थिति का लेंगे जायजा; जानें पूरा शेड्यूल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे, ताकि मॉनसून के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की जा सके। यह आपदा उत्तरी भारत में भारी तबाही मचा चुकी है। पीएम मोदी सबसे पहले दोपहर करीब 1:30 बजे हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंचेंगे, जहां मौसम अनुकूल होने पर वह सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

हिमाचल में पीएम मोदी धर्मशाला में एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे जिसमें राज्य प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय आपदा मित्र स्वयंसेवकों सहित अन्य बचाव व राहत एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें स्थिति की जानकारी देंगे। इसके अलावा, वह आपदा पीड़ितों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझेंगे।

करीब 4:15 बजे पहुंचेंगे पंजाब के गुरदासपुर

इसके बाद, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 4:15 बजे पंजाब के गुरदासपुर पहुंचेंगे जहां वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। गुरदासपुर में वह शीर्ष प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ जमीनी स्तर पर समीक्षा बैठक करेंगे। बाढ़ से प्रभावित स्थानीय निवासियों से भी मुलाकात करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि इस दौरे का उद्देश्य राहत और पुनर्वास कार्यों की बारीकी से निगरानी करना और दोनों राज्यों के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए हरसंभव केंद्रीय सहायता सुनिश्चित करना है।

20 हजार करोड़ के राहत पैकेज की मांग

इस बीच, पीएम मोदी के दौरे से पहले पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने तीखा बयान जारी कर केंद्र से कम से कम 20,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने केंद्र पर बाढ़ पर्यटन का आरोप लगाते हुए 60,000 करोड़ रुपये के लंबित फंड, जिसमें 50,000 करोड़ रुपये की जीएसटी क्षतिपूर्ति और 8,000 करोड़ रुपये के ग्रामीण और बाजार विकास फंड शामिल हैं, तुरंत जारी करने की मांग की। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र को कई बार पत्र लिखकर इस संकट से निपटने और बाढ़ प्रभावित बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए तत्काल वित्तीय सहायता की मांग की है।