Hindi News

दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 2 मार्च को करेंगी दो बड़ी योजनाओं का शुभारंभ, लखपति बिटिया योजना और 2 मुफ्त LPG सिलेंडर का मिलेगा लाभ

Written by:Gaurav Sharma
Published:
दिल्ली में महिलाओं और बालिकाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 2 मार्च को दो महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ करेंगी। इनमें 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' के तहत बेटियों को 1 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक मदद और राशन कार्ड धारकों को सालाना 2 मुफ्त LPG सिलेंडर देना शामिल है।
दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 2 मार्च को करेंगी दो बड़ी योजनाओं का शुभारंभ, लखपति बिटिया योजना और 2 मुफ्त LPG सिलेंडर का मिलेगा लाभ

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार दो बड़ी योजनाओं की शुरुआत करने जा रही है। सोमवार, 2 मार्च को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन महत्वाकांक्षी योजनाओं का औपचारिक शुभारंभ करेंगी। इन योजनाओं में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ और राशन कार्ड धारकों के लिए सालाना दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना शामिल है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस कार्यक्रम को महिला सशक्तिकरण के प्रति दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है। यह पूरा आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है।

ऐसे बनेगी दिल्ली की बेटी ‘लखपति’

दिल्ली सरकार ने बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने वाली पुरानी योजना को अब और भी व्यापक और लाभकारी बना दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के तहत अब विभिन्न चरणों में एक बालिका के नाम पर कुल 56,000 रुपये जमा किए जाएंगे। यह राशि 21 वर्ष की आयु पूरी होने पर ब्याज सहित 1 लाख रुपये से अधिक होने की उम्मीद है।

पहले की योजना में, संस्थागत जन्म पर 11,000 रुपये और घरेलू जन्म पर 10,000 रुपये जमा होते थे। इसके बाद पहली, छठी, नौवीं, दसवीं और बारहवीं कक्षा में प्रवेश पर 5,000 रुपये की अतिरिक्त राशि दी जाती थी, जो 18 साल की उम्र में निकाली जा सकती थी। नई योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बेटियां स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा तक की पढ़ाई बिना किसी आर्थिक बाधा के पूरी कर सकें।

“यह योजना माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस व्यापक विजन से प्रेरित है जिसमें बेटियों को शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की धुरी बनाया गया है। प्रधानमंत्री जी का स्पष्ट संदेश है कि जब बेटी शिक्षित और सशक्त होगी, तभी समाज और राष्ट्र समृद्ध होगा।”- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी होगी प्रक्रिया

यह नई योजना पूरी तरह से डिजिटल होगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। फंड का प्रबंधन एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। विभाग द्वारा जमा की गई राशि बालिका की उम्र के साथ बढ़ती रहेगी और 21 वर्ष पूरे होने पर पूरी राशि सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।

कौन होगा योजना के लिए पात्र?

इस योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ शर्तें निर्धारित की गई हैं:

  • परिवार की वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
  • परिवार पिछले तीन वर्षों से दिल्ली का निवासी होना चाहिए।
  • बालिका का जन्म दिल्ली में ही हुआ हो।
  • पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर या निर्धारित शैक्षणिक पड़ावों पर कराना होगा।
  • यह लाभ प्रति परिवार अधिकतम दो जीवित बालिकाओं तक ही सीमित रहेगा।

योजना का दायरा भी बढ़ाया गया है। अब भारत में किसी भी सरकारी मान्यता प्राप्त या यूजीसी से मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा कर रही बेटियां भी इसकी पात्र होंगी। हालांकि, योजना का परिपक्वता लाभ केवल शैक्षणिक शर्तों को पूरा करने पर ही मिलेगा।

त्योहारों पर मिलेगा 2 मुफ्त सिलेंडर का तोहफा

लखपति बिटिया योजना के अलावा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एक और महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ करेंगी। इसके तहत दिल्ली के लगभग 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को होली और दिवाली के अवसर पर हर साल दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, इस योजना का लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से दिया जाएगा। एक सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर की राशि सीधे परिवार के मुखिया (जिसके नाम पर राशन कार्ड है) के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी। इस कदम का उद्देश्य खाना पकाने के ईंधन के वित्तीय बोझ को कम करना है, ताकि परिवार त्योहारों को सम्मान और आराम से मना सकें।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews