लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले देहरादून में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। दरअसल छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड की अनुमति को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार देर रात धरना-प्रदर्शन में बदल गया। बता दें कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड पहुंचकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की है। हालांकि बाद में पार्टी ने कार्यक्रम का स्थान बदलने का फैसला किया और घोषणा की कि अब यह कार्यक्रम 17 जुलाई को बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होगा।
दरअसल कांग्रेस का कहना है कि कार्यक्रम की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया है। केवल आयोजन स्थल बदला गया है ताकि छात्रों, अभिभावकों और अन्य लोगों की सुरक्षा के साथ कार्यक्रम बिना किसी बाधा के पूरा कराया जा सके। पार्टी का दावा है कि राहुल गांधी पहले की तरह छात्रों से शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे मुद्दों पर संवाद करेंगे।
जानिए परेड ग्राउंड को लेकर विवाद क्यों हुआ?
बता दें कि विवाद उस समय शुरू हुआ जब कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम की तैयारियों के लिए टेंट और अन्य सामान लेकर पहुंचे ट्रकों को परेड ग्राउंड में प्रवेश नहीं करने दिया गया। वहीं इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत और अन्य नेताओं के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए परेड ग्राउंड पहुंचे। वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक भी हुई। बाद में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मैदान में धरने पर बैठ गए।
प्रशासन ने कार्यक्रम की मंजूरी रोकी
दरअसल कांग्रेस का आरोप है कि पार्टी ने समय पर आवेदन किया था और मैदान के उपयोग के लिए करीब 1.77 लाख रुपये जमा भी कराए थे। पार्टी का कहना है कि पहले अनुमति मिलने की जानकारी दी गई थी, लेकिन बाद में प्रशासन ने कार्यक्रम की मंजूरी रोक दी। दूसरी ओर नगर निगम का कहना है कि आयोजन के लिए जरूरी शर्तों और एनओसी से जुड़े दस्तावेज पूरे नहीं किए गए थे। प्रशासन के मुताबिक सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही अंतिम अनुमति दी जा सकती थी। दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं और इसी वजह से विवाद राजनीतिक रूप ले चुका है।
अब बन्नू स्कूल मैदान में होगा कार्यक्रम
वहीं कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम अब 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड के छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करना है। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, रोजगार के अवसर और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। कांग्रेस का दावा है कि इस कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से ढाई लाख से अधिक छात्रों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।






