Hindi News

प्रधानमंत्री मोदी से मिले सचिन तेंदुलकर, बेटे अर्जुन की शादी का दिया न्योता, सोनिया गांधी से भी की मुलाकात

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
'मास्टर ब्लास्टर' सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। सचिन ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से मुलाकात कर उन्हें बेटे अर्जुन और सानिया की शादी का निमंत्रण दिया। अर्जुन की होने वाली पत्नी सानिया एक बड़े बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी से मिले सचिन तेंदुलकर, बेटे अर्जुन की शादी का दिया न्योता, सोनिया गांधी से भी की मुलाकात

भारत के महान क्रिकेटर और ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है। उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में सचिन तेंदुलकर ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें अपने बेटे अर्जुन और होने वाली बहू सानिया की शादी का पहला निमंत्रण दिया।

सचिन अपनी पत्नी अंजलि और बेटे अर्जुन के साथ पीएम आवास पहुंचे थे। इस मुलाकात के दौरान पूरे परिवार ने प्रधानमंत्री के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। सचिन ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है।

पीएम मोदी को दिया शादी का निमंत्रण

सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री के साथ तस्वीरें साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इस मुलाकात को एक बड़ा सौभाग्य बताया।

“हमें अर्जुन और सानिया के विवाह समारोह में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को आमंत्रित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस युवा जोड़े को आपके आशीर्वाद और विचारशील सलाह के लिए मोदी जी को धन्यवाद।”- सचिन तेंदुलकर

इस निमंत्रण के साथ ही अर्जुन तेंदुलकर के विवाह की खबर की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। हालांकि, शादी की तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

कौन हैं अर्जुन तेंदुलकर की होने वाली पत्नी सानिया?

अर्जुन तेंदुलकर की होने वाली पत्नी सानिया एक उद्यमी हैं और एक प्रतिष्ठित व्यावसायिक घराने से आती हैं। वह मशहूर उद्योगपति और ग्रेविस ग्रुप (Gravis Group) के प्रमुख रवि घई की पोती हैं। सानिया खुद भी बिजनेस की दुनिया में सक्रिय हैं।

जानकारी के अनुसार, सानिया मुंबई स्थित एक उद्यम ‘मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी’ (Mr. Pawz Pet Spa & Store LLP) में एक डेजिग्नेटेड पार्टनर और डायरेक्टर के रूप में काम करती हैं, जो पालतू जानवरों की देखभाल से जुड़ी सेवाएं प्रदान करता है। घई परिवार का कारोबार हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी फैला हुआ है, जिसमें इंटरकांटिनेंटल जैसी प्रीमियम होटल संपत्तियों का प्रबंधन शामिल है। ग्रेविस फूड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में ₹624 करोड़ का राजस्व दर्ज किया था, जो उनके परिवार के कारोबार के बड़े पैमाने को दर्शाता है।

सोनिया गांधी से भी की मुलाकात

प्रधानमंत्री को निमंत्रण देने के अलावा सचिन तेंदुलकर अपने परिवार के साथ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मिलने पहुंचे। यह मुलाकात सोनिया गांधी के आवास 10, जनपथ पर हुई। इस दौरान सचिन के साथ उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर भी मौजूद थीं। माना जा रहा है कि सचिन ने सोनिया गांधी को भी बेटे की शादी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews