आज शुभांशु शुक्ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से धरती पर वापसी कर रहे हैं। उन्होंने अंतरिक्ष में लगभग 18 दिन बिताए हैं। इसके साथ ही एक्सीओम का मिशन भी पूरा हो जाएगा। जानकारी दे दें कि इस मिशन में शुभांशु शुक्ला के अलावा तीन और साथी यात्री भी इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे थे। आज सभी यात्री धरती पर वापसी करेंगे। 1984 में राकेश शर्मा की यात्रा के बाद शुभांशु शुक्ला की यह स्पेस जर्नी कई वर्षों में भारत के लिए अहम रही है। बता दें कि शुभांशु शुक्ला राकेश शर्मा के बाद दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं जो स्पेस में पहुंचे हैं।
शुभांशु शुक्ला आज दोपहर 3:10 पर ISS से धरती पर लौटेंगे। उनके साथ उनके तीन टीम मेंबर भी रहेंगे। सभी टीम मेंबर ISS से धरती के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में बीते दिन इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से अंडॉकिंग की थी। शुभांशु शुक्ला की वापसी का इंतजार न सिर्फ भारत कर रहा है बल्कि पूरे विश्व में सभी यात्रियों के सुरक्षित लौटने की प्रार्थना की जा रही है।
पिता कर रहे इंतजार
एयर फोर्स के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का इंतजार उनका परिवार भी कर रहा है। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला उन्हें बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनके पिता का कहना है कि हम शुभांशु का स्वागत करने के लिए तैयार हैं, यह बेहद ही गर्वित करने वाला पल है और पूरा देश उत्साहित है। दरअसल, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर शुभांशु शुक्ला ने शून्य गुरुत्वाकर्षण का प्रयोग किया और यह बताया कि सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण रोजमर्रा की भौतिक क्रियाओं को कैसे प्रभावित करता है। यह मिशन स्पेस की कई बारीकियों को जानने के लिए शुरू किया गया था। इसके अलावा मिशन में अंतरिक्ष में पानी के अनोखे व्यवहार को समझने पर भी स्टडी की गई।
कितनी बजे धरती पर लौटेंगे शुभांशु शुक्ला?
इससे पहले शुभांशु शुक्ला ने सभी टीम मेंबर्स के साथ इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की अंडॉकिंग की, जो कि सफल रही। आज यानी मंगलवार को दोपहर 3:10 पर वह पृथ्वी पर लौटेंगे। धरती पर लौटने के बाद शुभांशु शुक्ला अपना एक्सपीरियंस साझा कर सकते हैं और स्पेस में की गई स्टडी को लेकर जानकारी दे सकते हैं। हालांकि फिलहाल यह जानकारी नहीं है कि शुभांशु शुक्ला धरती पर लौटने के बाद कब मीडिया से रूबरू होंगे। पूरा भारत इस समय उनकी वापसी का इंतजार कर रहा है। इस समय सोशल मीडिया पर भी सभी जगह शुभांशु शुक्ला की सकुशल वापसी की कामना की जा रही है।






