केंद्र सरकार ने राजधानी दिल्ली की 28 परियोजनाओं के लिए 1,647 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता को मंजूरी दी है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार द्वारा अपने संसाधनों से पूंजीगत निवेश बढ़ाने के प्रयासों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 756 करोड़ रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी स्वीकृत की है। सीएम रेखा गुप्ता ने इसकी जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली के विकास को नई रफ्तार मिली है। केंद्र सरकार ने 28 प्रमुख परियोजनाओं के लिए 1647 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। जिसके बाद अब मेट्रो विस्तार, बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर, करावल नगर फ्लाईओवर और ईवी चार्जिंग स्टेशन समेत कई जनहित के काम अब तेजी से पूरे होंगे।
दिल्ली को केंद्र से 756 करोड़ रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राजधानी हमारी सरकार के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली के अन्य विकास कार्यों के लिए 756 करोड़ रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन भी केंद्र सरकार द्वारा दी गई है। केंद्र की मोदी सरकार ने विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और दिल्ली की क्षमता पर अपना अटूट विश्वास भी जताया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के विकास के लिए केंद्र सरकार का यह सहयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के सहयोग से केंद्र सरकार राज्यों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने, पूंजीगत निवेश को बढ़ावा देने और समग्र विकास को गति देने के लिए लगातार प्रभावी पहल कर रही है।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी नेतृत्व में आज दिल्ली के विकास को एक नई शक्ति मिली है। केंद्र सरकार ने 28 महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए ₹1,647 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। मेट्रो विस्तार, बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर, करावल नगर फ्लाईओवर, EV…
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 12, 2026





