नई दिल्ली: ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत की रसोई तक पहुंच गया है, जिसके चलते गैस सिलेंडर की कमी और कीमतों में वृद्धि को लेकर सड़क से लेकर संसद तक घमासान मचा हुआ है। गुरुवार को संसद के सत्र के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) की महिला सांसदों ने लोकसभा में फ्राइंग पैन और चम्मच बजाकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
यह विरोध प्रदर्शन उस समय हुआ जब बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल सदन को संबोधित कर रहे थे। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, प्रतिभा मंडल, जून मालिया, सयानी घोष और माला राय सहित अन्य ने एलपीजी के मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह तरीका अपनाया।
ये भी पढ़ें
सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक
टीएमसी के इस प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह समय एकजुट होकर देश के सामने खड़ी चुनौतियों का मुकाबला करने का है, न कि इस तरह की राजनीति करने का। उन्होंने कहा, “इस समय का मुकाबला देश को एकजुट होकर करना है। इस तरह राजनीति करके मुकाबला नहीं करना है।”
वहीं, टीएमसी नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इससे निपटने के लिए कोई तैयारी नहीं की।
“हमने देखा कि नोटबंदी के दौरान लोग लाइन में खड़े थे। फिर एसआईआर के दौरान आपने लोगों को लाइन में खड़ा कर दिया। अब आपने फिर से वही किया है।”- चंद्रिमा भट्टाचार्य, टीएमसी नेता
‘जो हुआ सो हुआ, अब तैयारी करें’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे को सरकार की विदेश नीति से जोड़ा। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा से समझौता किया गया है, जिसके कारण आज गैस और पेट्रोल की समस्या खड़ी हुई है। उन्होंने सरकार को सुझाव देते हुए कहा, “जो हुआ सो हुआ, अब तैयारी करने की जरूरत है क्योंकि अभी आपके पास थोड़ा सा समय है। प्रधानमंत्री मोदी और सरकार को तुरंत तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। अगर तैयारी नहीं की तो करोड़ों लोगों का नुकसान होगा।”
गटर से गैस कैसे निकलेगी?
राज्यसभा में कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने सरकार पर तंज कसते हुए यूपीए सरकार की मनरेगा योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने गांवों को मजबूत करने वाली योजनाओं का बजट कम कर दिया। एलपीजी की बढ़ती कीमतों पर उन्होंने कहा, “एक सांसद ने कहा कि गांवों तक एलपीजी पहुंच गई लेकिन हकीकत आज सब देख रहे हैं। एलपीजी के दाम आसमान छू रहे हैं। अब मंत्री जी सदन को बताएं कि गटर से गैस निकलेगी कैसे और रोटी पकेगी कैसे?”