Hindi News

आज एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल सम्मेलन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया मोबाइल कांग्रेस का करेंगे शुभारंभ, पढ़ें यह खबर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ल्ड टेलीकम्युनिकेशन स्टैंडर्डाइजेशन असेंबली (डब्ल्यूटीएसए) 2024 का उद्घाटन किया जाएगा। बता दें कि यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ द्वारा किया जा रहा है।
आज एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल सम्मेलन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया मोबाइल कांग्रेस का करेंगे शुभारंभ, पढ़ें यह खबर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में वर्ल्ड टेलीकम्युनिकेशन स्टैंडर्डाइजेशन असेंबली (WTSA) 2024 और आठवीं इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 का उद्घाटन करेंगे। दरअसल यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) द्वारा आयोजित किया गया है, जो वैश्विक स्तर पर डिजिटल प्रौद्योगिकी के मानकीकरण में अहम भूमिका निभाता आ रहा है।

वहीं भारत और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में पहली बार WTSA का आयोजन हो रहा है, जो भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। WTSA ITU का एक प्रमुख वैश्विक आयोजन माना जाता है, जो हर चार साल में एक बार आयोजित होता है।

190 से अधिक देशों से 3,000 से अधिक उद्यमी होंगे शामिल

दरअसल इस आयोजन में दूरसंचार और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मानकों का निर्धारण और दिशा तय की जाती है। वहीं इस बार के सम्मेलन में 190 से अधिक देशों से 3,000 से अधिक उद्यमी, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होने जा रहे हैं। 6जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), साइबर सुरक्षा और बिग डेटा जैसे भविष्य की तकनीकों पर चर्चा का केंद्र यह आयोजन रहने वाला है।

एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल तकनीकी मंच

इसके साथ ही आपको बता दें कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 को एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल तकनीकी मंच माना जाता है। इस आयोजन में विश्वभर के उद्योग, सरकार, स्टार्टअप्स और शैक्षणिक संस्थान भी एकत्रित होने वाले हैं। वहीं इस साल आयोजन में 400 से अधिक प्रदर्शक, 900 स्टार्टअप्स और 120 से अधिक देशों की भागीदारी होने की उम्मीद जताई जा रही है। 100 से अधिक सत्रों में 600 से अधिक विशेषज्ञ भी इस आयोजन में शामिल होंगे और 900 से अधिक तकनीकी उपयोग मामलों का प्रदर्शन भी इसमें किया जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews