नीमच जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 325.140 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। यह मादक पदार्थ एक सफेद हुंडई क्रेटा कार में 16 कट्टों में भरा हुआ था। पुलिस की घेराबंदी देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया। पुलिस ने कार, डोडाचूरा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
दरअसल यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के नशाविरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में सिंगोली थाना पुलिस ने सिंगोली-कदवासा रोड पर ब्राह्मणी नदी के आगे मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार पुलिस की नाकाबंदी के पास पहुंची और चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया।
सिंगोली पुलिस की घेराबंदी के दौरान गड्ढे में गिरी क्रेटा कार
पुलिस के मुताबिक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार का रजिस्ट्रेशन नंबर 22BH4638B है। जैसे ही चालक ने सामने पुलिस वाहन की लाइट देखी उसने कार को तेजी से मोड़कर भागने की कोशिश की। वहीं तेज रफ्तार और हड़बड़ाहट के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में गिर गया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों और जंगल की तरफ भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया लेकिन वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे 16 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा 325.140 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। इसके साथ ही कार से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 32 लाख 51 हजार 400 रुपये है। जब्त हुंडई क्रेटा की कीमत करीब 10 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन की कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त किए गए कुल मशरूके की कीमत 42 लाख 71 हजार 400 रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
दरअसल सिंगोली थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच में वाहन के दस्तावेजों और जब्त मोबाइल फोन से मिले सुरागों की भी पड़ताल की जा रही है। इसके आधार पर डोडाचूरा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






