बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बार फिर अपने बयान से राजनीतिक बहस छेड़ दी है। राजस्थान के पुष्कर में चल रही तीन दिवसीय हनुमान कथा के दौरान उन्होंने हिंदुओं से चार बच्चे पैदा करने की अपील की है। उनके इस बयान के बाद राजस्थान की सियासत गरमा गई है और कांग्रेस ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।
शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश में जनसंख्या का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “एक मजहब की जनसंख्या बढ़ रही है।” उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भागवत के ‘तीन बच्चों’ वाले बयान से एक कदम आगे बढ़ते हुए हिंदुओं को चार बच्चे पैदा करने के लिए कहा।
कांग्रेस ने किया पलटवार, पूछा- आपके कितने बच्चे हैं?
धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान पर राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीकाराम जूली ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने शास्त्री पर सीधा निशाना साधते हुए सवाल किया कि वह पहले यह बताएं कि उनके खुद के कितने बच्चे हैं।
“वह एक धार्मिक व्यक्ति हैं, उन्हें धर्म की बात करनी चाहिए ना कि राजनीति की। समाज में हिंदू-मुस्लिम की बात उन्हें नहीं करनी चाहिए। इस देश में सभी जाति धर्म के लोगों को संविधान के तहत अधिकार दिए गए हैं, हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई सभी समान हैं।” — टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष, राजस्थान
जूली ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री को धार्मिक मंच से राजनीतिक बातें नहीं करनी चाहिए और समाज को बांटने वाले बयानों से बचना चाहिए।
शादी करूंगा तो मैं भी योगदान दूंगा: धीरेंद्र शास्त्री
अपने बयान पर उठने वाले संभावित सवालों का जवाब धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से ही दे दिया। उन्होंने कहा, “अब लोग कहेंगे कि बाबा आपके कितने बच्चे हैं? तो मैं बता दूं जब मैं शादी करूंगा तो मैं भी इसमें योगदान दूंगा।” उन्होंने अपने बयान को जनसंख्या संतुलन की जरूरत से जोड़ा।
अजमेर दरगाह न जाने और ‘घर वापसी’ पर भी बोले शास्त्री
चार बच्चों की अपील के अलावा, धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं को अजमेर स्थित दरगाह शरीफ़ न जाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के पास करोड़ों देवी-देवता हैं और उन्हें अपने धर्म में ही जीना और चलना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमें अपने असाध्य की भक्ति करनी चाहिए। दूसरे मज़हब के लोगों को अपनी सेवा करने दें, हमें वहां जाने की जरूरत नहीं।” इसके साथ ही उन्होंने भारतीय मुसलमानों को उनके हिंदू पूर्वजों की याद दिलाते हुए ‘घर वापसी’ का भी जिक्र किया, जिससे यह विवाद और गहरा गया है।






