भीलवाड़ा जिले के गंगापुर थाना इलाके में रविवार को पुलिस की कार्रवाई में गेहूं के खेत के भीतर छिपाकर की जा रही अवैध अफीम खेती पकड़ी गई। पुलिस टीम ने मौके से 8500 अफीम के पौधे जब्त किए और उनका वजन 125 किलो 96 ग्राम दर्ज किया।
कार्रवाई भीलवाड़ा सदर DYSP, प्रोबेशनर IPS अधिकारी माधव उपाध्याय के नेतृत्व में हुई। पुलिस के अनुसार, खेत मालिक नारायण लाल जाट के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। कार्रवाई की भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें
मुखबिर की सूचना पर बनी विशेष टीम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डेलाना गांव में नारायण लाल के खेत में गेहूं की फसल की आड़ में अफीम उगाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। इसके बाद भीलवाड़ा SP धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और मौके पर दबिश दी गई।
“हमें सूचना मिली थी कि गेहूं की फसल के बीच अलग हिस्से में अवैध अफीम उगाई जा रही है, इसी आधार पर टीम भेजी गई।”- माधव उपाध्याय, प्रोबेशनर IPS
टीम जब खेत पर पहुंची तो चारों ओर गेहूं की फसल थी। शुरुआती नजर में अफीम के पौधे दिखाई नहीं दिए। इसके बाद पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली।
अलग क्यारी में उगाई गई थी फसल, पौधों पर डोडे भी मिले
तलाशी के दौरान गेहूं के बीच एक अलग क्यारी में अफीम के पौधे मिले। पुलिस ने क्यारी का माप लिया, जो करीब 7 फीट चौड़ी और 150 फीट लंबी बताई गई। अधिकारियों के मुताबिक पौधों पर डोडे भी आ चुके थे, जिससे फसल की स्थिति स्पष्ट हुई।
मौके पर ही टीम ने पौधों को उखाड़कर 13 प्लास्टिक कट्टों में भरा और वजन कराया। बरामदगी के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई।
NDPS एक्ट में केस, फरार किसान की तलाश तेज
पुलिस ने खेत मालिक नारायण लाल जाट के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
जांच अब इस दिशा में भी आगे बढ़ाई जा रही है कि खेती में और कौन लोग शामिल थे, और अवैध फसल की सप्लाई किस नेटवर्क तक जा सकती थी। फिलहाल पुलिस का प्राथमिक फोकस फरार आरोपी की गिरफ्तारी है।