जयपुर। राजस्थान की आशा सहयोगिनियों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रक्षाबंधन पर उनके मानदेय में बढ़ोतरी का जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिया है। राज्य सरकार ने आशा सहयोगिनियों के मासिक मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि को वित्तीय मंजूरी दे दी है। इसके बाद अब उन्हें हर महीने 5 हजार 455 रुपये मिलेंगे। बढ़ा हुआ मानदेय 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगा।
सरकार के इस फैसले से आशा सहयोगिनियों के मानदेय में हर महीने 496 रुपये की बढ़ोतरी होगी। अभी तक उन्हें 4 हजार 959 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे थे। नए आदेश के अनुसार अक्टूबर महीने से ही बढ़ी हुई राशि देय होगी। इस तरह आशा सहयोगिनियों को सालभर में पहले के मुकाबले 5 हजार 952 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
ये भी पढ़ें
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री ने किया था वादा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रक्षाबंधन के अवसर पर आशा सहयोगिनियों का मानदेय बढ़ाने का वादा किया था। अब राज्य सरकार ने इसके लिए जरूरी वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इससे मानदेय बढ़ाने की घोषणा को अमल में लाने का रास्ता साफ हो गया है।
आशा सहयोगिनियां प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से लोगों को जोड़ने में उनका योगदान रहता है। ऐसे में मानदेय बढ़ने से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।
राज्य सरकार ने इस फैसले को महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया कदम बताया है। सरकार के अनुसार, मानदेय में बढ़ोतरी से स्वास्थ्य सेवाओं में काम कर रही आशा सहयोगिनियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
