चलती स्लीपर बस अचानक पलटी, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, रतलाम-इंदौर फोरलेन पर हादसा

रतलाम-इंदौर फोरलेन पर गुरुवार देर रात बारिश के बीच स्लीपर बस कर्व टर्न पर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। 3-4 एंबुलेंस से घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर हुआ है।
चलती स्लीपर बस अचानक पलटी, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, रतलाम-इंदौर फोरलेन पर हादसा

रतलाम-इंदौर फोरलेन पर गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे बड़ा हादसा हो गया। सातरुंडा के पास रत्तागिरी चौराहे से पहले एक स्लीपर बस अचानक पलट गई। हादसे के समय बारिश हो रही थी।

बस के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया।

बारिश और सड़क के कर्व के कारण हादसा होने की आशंका

शुरुआती जानकारी के अनुसार जिस जगह बस पलटी, वहां सड़क पर कर्व टर्न है। हादसे के समय बारिश भी हो रही थी। आशंका है कि तेज गति में बस मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।

हालांकि पुलिस ने हादसे का अंतिम कारण अभी स्पष्ट नहीं किया है। बताया गया है कि इस जगह पर पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं, इसलिए कर्व वाले हिस्से को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दुर्घटना के सही कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

3-4 एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रतलाम और बदनावर से 3-4 एंबुलेंस मौके पर बुलाई गईं। इनमें घायलों और जरूरतमंद यात्रियों को रात करीब 2 से ढाई बजे के बीच रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार किसी यात्री की हालत गंभीर नहीं है। हालांकि कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर और अन्य चोटें आई हैं। राहत की बात रही कि हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

क्रेन से बस को सीधा कराया

घायलों को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने पलटी हुई बस को हटाने की कार्रवाई शुरू की। क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया गया। रतलाम के पुलिस अधिकारी भी रात में घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस बल सुबह करीब 4:30 बजे तक मौके पर मौजूद रहा। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर भी सावधानी के साथ आवाजाही कराई गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews