MP Breaking News

बस रुकते ही सराफा व्यापारी से 7.5 करोड़ का सोना लूट ले गए बदमाश, सीट के पीछे बैठे थे 2 आरोपी

रतलाम के बिलपांक थाना क्षेत्र में गुरुवार रात सराफा व्यापारी से करोड़ों रुपए के सोने के जेवरात और कैश से भरा बैग लूटने का मामला सामने आया है। व्यापारी बड़नगर से रतलाम लौट रहा था।
बस रुकते ही सराफा व्यापारी से 7.5 करोड़ का सोना लूट ले गए बदमाश, सीट के पीछे बैठे थे 2 आरोपी

रतलाम जिले में करोड़ों रुपए के सोने की लूट ने हड़कंप मचा दिया है। बड़नगर से रतलाम लौट रहे सराफा व्यापारी का करीब 5 किलो सोने के जेवरात से भरा बैग बदमाशों ने छीन लिया। बैग में करीब 3 लाख रुपए कैश भी बताया जा रहा है। वारदात गुरुवार रात करीब 9:15 बजे इंदौर फोरलेन पर बिलपांक थाना क्षेत्र के रेन फंटे के पास हुई।

पुलिस के मुताबिक रतलाम की महलवाड़ा जैन कॉलोनी निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया गुरुवार को सोने के जेवरात बेचने के लिए बड़नगर गए थे। काम पूरा करने के बाद वे रात करीब 8:15 बजे बस से रतलाम के लिए रवाना हुए। व्यापारी के पास सोने के जेवरात और कैश से भरा बैग था।

कैसे हुई वारदात?

बताया जा रहा है कि बड़नगर से कुछ यात्री भी बस में सवार हुए थे। इनमें शामिल बदमाश अलग-अलग सीटों पर बैठ गए। रात करीब 9:15 बजे बस रेन फंटे के पास पहुंची। इसी दौरान ड्राइवर की सीट के पास बैठे एक व्यक्ति ने बस रुकवाई। बस रुकते ही व्यापारी की सीट के पीछे बैठे दो लोगों ने मौका देखकर उनका बैग झपट लिया। बैग छीनने के बाद दोनों आरोपी तुरंत बस से नीचे उतरे। बाहर पहले से बाइक सवार उनके साथी मौजूद थे। पुलिस को आशंका है कि पूरी वारदात में करीब पांच लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि आरोपियों की सही संख्या और उनकी पहचान जांच के बाद ही साफ होगी।

पुलिस की कई टीमों ने शुरू की तलाश

दरअसल वारदात की जानकारी मिलते ही बिलपांक पुलिस सक्रिय हो गई। व्यापारी ने पहले अपने परिचित सराफा कारोबारियों को घटना के बारे में बताया और इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी। जानकारी मिलने पर एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल और आसपास के इलाकों में भी तलाशी ली। पुलिस ने जिले के दूसरे थानों की टीमों को भी बदमाशों की तलाश में लगाया है। जांच का एक अहम हिस्सा उन लोगों की पहचान करना है, जो बड़नगर से बस में सवार हुए थे। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि व्यापारी की गतिविधियों पर पहले से किसी की नजर थी या वारदात अचानक मौके का फायदा उठाकर की गई।

घटना के बाद पुलिस आसपास के रास्तों और संभावित भागने वाले रूट की जानकारी जुटा रही है। बस में मौजूद यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग और दूसरे तकनीकी सुराग भी जांच का हिस्सा हो सकते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
बस रुकते ही सराफा व्यापारी से 7.5 करोड़ का सोना लूट ले गए बदमाश, सीट के पीछे बैठे थे 2 आरोपी