
सतना में आमजन अपने घरों और दुकानों में पानी भरने की समस्या से परेशान नजर आए। दरअसल, यहां पुलिया निर्माण के दौरान पाइप लाइन फट गई। ऐसे में जब सप्लाई शुरू हुआ तो फूटी हुई पाइपलाइन से लोगों के घरों और दुकानों में पानी भरना शुरू हो गया। इससे रहवासियों में काफी नाराजगी देखने को मिली।
दरअसल, शहर के जवाहर नगर की गली नंबर 1 में पुलिया निर्माण का काम चल रहा है। इस दौरान पोकलेन से पानी की फीडर लाइन फूट गई थी। इस लाइन की मरम्मत के बिना ही सप्लाई शुरू कर दी गई। इसकी वजह से रहवासियों को जलभराव का सामना करना पड़ा।
फूटी लाइन में सप्लाई चालू
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा पिछले पांच दिनों से पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। गुरुवार को खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसकी जानकारी होने के बावजूद भी बिना मरम्मत के सप्लाई शुरू कर दी गई। ऐसे में उनके घरों और दुकानों में पानी भर गया। जिसे उन्हें बर्तनों की मदद से निकालना पड़ा।
शिकायत की नहीं हुई सुनवाई
रहवासियों का कहना है कि पाइपलाइन फूटने की शिकायत नगर निगम के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर पर कई बार की गई। कार्यपालन यंत्री को भी कई बार जानकारी दी गई लेकिन मरम्मत के लिए कोई नहीं पहुंचा। इस लाइन के फूटने की वजह से व्हाट्सएप से संबंधित क्षेत्र में भी पानी की सप्लाई प्रभावित देखने को मिली। एक तरफ रहवासी जहां पेयजल की समस्या का सामना कर रहे थे और नल सूखे हुए थे। वहीं दूसरी तरफ घरों में पानी भरा हुआ था।

