पन्ना में इंजीनियर के कमीशन पर दिए बयान से गरमाई सियासत, जीतू पटवारी बोले “बीजेपी शासन में भ्रष्टाचार शिष्टाचार में बदला”

कांग्रेस ने एक बार फिर करप्शन के मुद्दे पर सरकार को घेरा है। उसका आरोप है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है और पूरा सिस्टम इसे सामान्य मानकर चल रहा है।
Jitu Patwari PC

Jitu Patwari

पन्ना में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री के कमीशन को लेकर दिए गए बयान पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। अधिकारी ने कहा कि उनका कोई प्रतिशत तय नहीं है, लेकिन कोई अपनी खुशी से कुछ दे तो उन्हें स्वीकार है। इस बयान को लेकर अब कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा है।

जीतू पटवारी ने अधिकारी के बयान का वीडियो साझा करते हुए लिखा है कि भाजपा शासन की उपलब्धि यह है कि भ्रष्टाचार अब शिष्टाचार में बदल गया है। उन्होंने तंज कसा कि व्यवस्था अब इस सच को विनम्रता से स्वीकार भी कर रही है।

क्या बोले जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री

पन्ना के जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सीबी अहिरवार सोशल मीडिया पर वायरल हैं। वजह है कमीशन को लेकर उनका बयान। वे कह रहे हैं कि उनका कोई प्रतिशत तय नहीं है, लेकिन कोई अपनी खुशी से कुछ दे जाता है तो वे उसे लेने से इनकार नहीं करते। उन्होंने यहां तक कहा कि नौकरी शुरू करने के समय से ही उनका यही रवैया रहा है। एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि “देखिए, हमारा कोई परसेंट नहीं है, किसी को कोई खुशी हो दे गया तो मैं उसमें खुश हूं। मैं पहले ही कह देता हूं खुशी से दे रहे हो दो, मेरा कोई परसेंट नहीं है। मैंने जबसे नौकरी की है तबसे यही है मेरा।”

जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यपालन यंत्री के बयान को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार इस हद तक सामान्य हो गया है कि अब अधिकारी इसपर इतने खुलकर बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार अब शिष्टाचार में बदल गया है और सिस्टम भी विनम्रता से इस सच्चाई को स्वीकार कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को टैग करते हुए इस मामले के जरिए प्रदेश में भ्रष्टाचार और सरकारी तंत्र की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews