MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

कूनो नेशनल पार्क से आई बड़ी खुशखबरी, मादा चीता KJP21 ने 5 शावकों को दिया जन्म, CM मोहन यादव और भूपेंद्र यादव ने जताई खुशी

कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने खुले जंगल में 5 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया, जिससे देश में चीतों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसे प्रोजेक्ट चीता की बड़ी उपलब्धि बताया।
Kuno National Park

मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से प्रोजेक्ट चीता को लेकर एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सोमवार को यहां भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने खुले जंगल में पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। पार्क प्रबंधन और डॉक्टरों की टीम इन नए मेहमानों की निगरानी में जुटी हुई है और मां समेत पांचों शावक पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। शावकों के जन्म के साथ देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है। इनमें 41 चीते भारत में जन्मे हैं।

बता दें कि इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसे प्रोजेक्ट चीता की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई है। भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर प्रोजेक्ट चीता के लिए यह एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। वहीं, सीएम मोहन यादव ने कहा कि यह प्रोजेक्ट चीता के लिए एक और गर्व का पल है।

प्रोजेक्ट चीता के लिए यह एक और गर्व का पल: सीएम मोहन यादव

सीएम मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर कहा कि प्रोजेक्ट चीता के लिए यह एक और गर्व का पल है। भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने कूनो नेशनल पार्क में पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही.. भारत में चीतों की कुल आबादी बढ़कर 60 हो गई है, जिसमें 41 चीते भारत में जन्मे हैं। कूनो में लगातार बढ़ रही चीतों की आबादी से वन्यजीव पर्यटन, स्थानीय आजीविका और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण को भी मजबूती मिल रही है। सीएम ने पूरी प्रोजेक्ट चीता और कूनो टीम को बधाई देते हुए कहा कि.. चीतों की आबादी को फिर से बसाने और वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में यह भारत की यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।

प्रोजेक्ट चीता के लिए यह मील का पत्थर: भूपेंद्र यादव

वहीं, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रोजेक्ट चीता के लिए यह एक और ऐतिहासिक और खुशी का मील का पत्थर है। 32 महीने की भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने आज कूनो नेशनल पार्क में पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। KJP21, मुखी और KGP12 के बाद भारत में जन्म लेने वाली और देश में शावकों को जन्म देने वाली तीसरी मादा चीता है। इसे भारत में चीता आबादी की अगली पीढ़ी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इन पांच नए शावकों के जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल आबादी बढ़कर 60 हो गई है जिनमें 41 चीते भारत में जन्मे हैं।

पांच शावकों के जन्म से भारत में बोत्सवाना वंश की भी हुई शुरुआत

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महत्वपूर्ण बात यह है कि इन शावकों के जन्म के साथ भारत में बोत्सवाना वंश की भी शुरुआत हुई है.. क्योंकि इनके पिता बोत्सवाना के नर चीता हैं। जो भारत में बढ़ती चीता आबादी में एक नया आनुवंशिक वंश जुड़ गया है। भारत की धरती पर जन्मी चीतों की यह नई पीढ़ी देश में चीतों की वापसी की शानदार कहानी में एक और खूबसूरत अध्याय जोड़ती है।

इस खास अवसर पर भूपेंद्र यादव ने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, फील्ड स्टाफ, प्रबंधकों और सभी टीम सदस्यों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन सभी के समर्पण, प्रतिबद्धता और अथक प्रयासों से यह ऐतिहासिक पल संभव हो पाया है। उन्होंने नए मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि नन्हे मेहमानों का इस दुनिया में स्वागत है।

चार साल में बढ़ी चीता आबादी

गौरतलब है कि भारत में ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से 8 चीतों की पहली खेप कूनो नेशनल पार्क लाई गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर कूनो में इन 8 चीतों को खुले जंगल में रिलीज किया था। इनमें 5 मादा और 3 नर चीते शामिल थे। इसके बाद 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीतों को कूनो लाया गया, जिन्हें केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रिलीज किया था। चार साल बाद कूनो में चीता संरक्षण कार्यक्रम के तहत आबादी लगातार बढ़ रही है और भारत में जन्मे चीतों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, देश में अब चीतों की कुल संख्या 60 हो गई है। अभी कूनो नेशनल पार्क और गांधी सागर अभ्यारण में चीते रह रहे हैं। वहीं, वीरांगाना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में भी चीतों को बसाने की तैयारी है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
कूनो नेशनल पार्क से आई बड़ी खुशखबरी, मादा चीता KJP21 ने 5 शावकों को दिया जन्म, CM मोहन यादव और भूपेंद्र यादव ने जताई खुशी - MP Breaking News