MP Breaking News

श्योपुर के बलराम कृषि महोत्सव में किसानों से जुड़े CM मोहन यादव, बोले- अन्नदाता की सुविधाओं पर फोकस; मंडी में बनेगा 60 लाख का विश्राम गृह

ग्वालियर एयरपोर्ट से श्योपुर के बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली शामिल हुए CM डॉ. मोहन यादव, किसानों से किया संवाद; कृषि उपज मंडी में 60 लाख रुपये से नया किसान विश्राम गृह बनाने की घोषणा, किसान कल्याण वर्ष के तहत मिल रही सुविधाओं की भी दी जानकारी
श्योपुर के बलराम कृषि महोत्सव में किसानों से जुड़े CM मोहन यादव, बोले- अन्नदाता की सुविधाओं पर फोकस; मंडी में बनेगा 60 लाख का विश्राम गृह

श्योपुर। श्योपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर एयरपोर्ट से वर्चुअली शामिल हुए और किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने श्योपुर कृषि उपज मंडी में किसानों के लिए 60 लाख रुपये की लागत से नया विश्राम गृह बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण वर्ष के तहत खेती-किसानी से जुड़ी सुविधाओं और सरकार के प्रयासों की जानकारी भी किसानों के साथ साझा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को लगातार बेहतर सुविधाएं देने पर सरकार का फोकस है। उन्होंने सिंचाई के लिए दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि इससे किसान दिन में अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।

कर्ज चुकाने के लिए किसानों को अब एक साल का समय

CM मोहन यादव ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को मिलने वाले ऋण की व्यवस्था की भी बात की। उन्होंने बताया कि खरीफ और रबी फसलों के लिए पहले कर्ज चुकाने की अवधि छह-छह महीने थी, जिसे बढ़ाकर एक साल कर दिया गया है। यानी किसान जिस तारीख को कर्ज लेगा, उस तारीख से उसे राशि चुकाने के लिए एक वर्ष का समय मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुग्ध सहकारी समितियों की संख्या बढ़ाने और दूध उत्पादन को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। श्योपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में धान और गेहूं के साथ मोटे अनाज का भी उत्पादन हो रहा है।

किसान ने बताया- सुपर सीडर पर मिला 1.20 लाख का अनुदान

किसानों से संवाद के दौरान ग्राम राडेप के किसान मुकुट चौधरी ने मुख्यमंत्री को बताया कि पराली प्रबंधन के लिए उन्होंने सुपर सीडर खरीदा था, जिस पर कृषि अभियांत्रिकी के माध्यम से 1 लाख 20 हजार रुपये का अनुदान मिला।

बलराम कृषि महोत्सव और किसान मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती की नई तकनीकों और फसलों से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी। यहां कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और एनआरएलएम से जुड़ी प्रदर्शनियां भी लगाई गईं।

बच्चों को पढ़ाएं, सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची से बचें: CM

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए हाल ही में दी गई 25-25 हजार रुपये की राशि का भी जिक्र किया।

CM मोहन यादव ने लोगों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और शादी-विवाह सहित सामाजिक आयोजनों में जरूरत से ज्यादा खर्च नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसी परंपरा विकसित होनी चाहिए, जिसमें फिजूलखर्ची कम हो और सामूहिक विवाह सम्मेलनों के माध्यम से विवाह को बढ़ावा मिले।

प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

बलराम कृषि महोत्सव में प्रगतिशील किसान नरेंद्र चौधरी, भरत जाट, शिशुपाल मीणा, सोनू शर्मा, बनवारी मीणा, भुवनेश मीणा, पूरण प्रजापति, गोविंद पटेलिया और मान सिंह पटेलिया को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वहीं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अंकुश मेहर, भूमिका माहौर, आशा गुर्जर, अनमोल मीणा, अभय गुर्जर, पूनम जाट, वैष्णवी जाट, दीनबंधु मीणा, करण मीणा और मयंक शर्मा को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
श्योपुर के बलराम कृषि महोत्सव में किसानों से जुड़े CM मोहन यादव, बोले- अन्नदाता की सुविधाओं पर फोकस; मंडी में बनेगा 60 लाख का विश्राम गृह - MP Breaking News