सिंगरौली: मध्यप्रदेश में इन दिनों बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर विरोध-प्रदर्शनों का दौर जारी है। कहीं छात्र-छात्राएं स्कूलों की समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं, तो कहीं कांग्रेस बदहाल सड़कों को लेकर सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन कर रही है। ताजा मामला सिंगरौली से सामने आया है जहां कांग्रेस नेताओं ने सड़क के गड्ढों में धान की रोपाई कर सरकार का ध्यान जर्जर सड़कों की ओर खींचा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवानगर के अध्यक्ष पंकज पांडेय एवं जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान के नेतृत्व में यह अनोखा प्रदर्शन किया गया। मेडिकल कॉलेज को जोड़ने वाली मुख्य सड़क सहित क्षेत्र की कई सड़कों की जर्जर स्थिति को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़कें लंबे समय से खराब हैं, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों और मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है।
जर्जर सड़कों की गुणवत्ता जांच की कांग्रेस ने उठाई मांग
विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन करते हुए मांग उठाई है कि जर्जर सड़कों की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों की जांच कराई जाए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि संबंधित सड़कों का निर्माण किस एजेंसी या ठेकेदार द्वारा किया गया था, उनकी गारंटी अवधि क्या थी और खराब होने की स्थिति में जवाबदेही किसकी बनती है?
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जांच में सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कमी या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बनी सड़कें सुविधा देने के बजाय परेशानी का कारण क्यों बन रही हैं? सिंगरौली की बदहाल सड़कों को लेकर अब यही सवाल लगातार उठ रहा है।
चीनी के बढ़ते दामों पर भी कांग्रेस ने जताया विरोध
सिंगरौली में एक ओर जहां कांग्रेस ने जर्जर सड़कों को लेकर प्रदर्शन किया तो वहीं देश में चीनी के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ भी आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान नवानगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंकज पांडेय ने लोगों को आधी-आधी मुट्ठी शक्कर बांटकर भी चीनी के बढ़ते दामों को लेकर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने इसे आम जनता से जुड़े मुद्दों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध का तरीका बताया।
इंदौर में भी बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
बता दें कि सिंगरौली के अलावा इंदौर में भी कांग्रेस नेताओं ने बदहाल सड़कों को लेकर नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोला। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस नेता बॉम्बे हॉस्पिटल के पास कीचड़ से भरी सर्विस रोड पर ही धरने पर बैठ गए। कांग्रेस ने दावा किया कि समस्या केवल बॉम्बे हॉस्पिटल की सर्विस रोड तक सीमित नहीं है। मुसाखेड़ी, आईटी पार्क चौराहा, अरविंदो हॉस्पिटल चौराहा और रिंग रोड सहित शहर के कई इलाकों में सड़कों और सर्विस रोड की हालत खराब है। कांग्रेस ने नगर निगम को पांच दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि शहर की खस्ताहाल सर्विस रोड पर काम शुरू नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।





