Hindi News

सड़क न होने की वजह से प्रसव के बाद दो किलोमीटर तक खाट पर ले जानी पड़ी प्रसूता, घर पर ही जुड़वां बच्चियों के जन्म के बाद आई दुखद खबर

Written by:Sushma Bhardwaj
Published:
चितरंगी इलाके से ही प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह आती हैं। सोशल मीडिया पर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं कि अगर मंत्री जी अपने गृह ग्राम की सड़क नहीं बनवा पा रहीं तो बाकी प्रदेश का क्या हाल होगा
सड़क न होने की वजह से प्रसव के बाद दो किलोमीटर तक खाट पर ले जानी पड़ी प्रसूता, घर पर ही जुड़वां बच्चियों के जन्म के बाद आई दुखद खबर

सिंगरौली जिले के चितरंगी इलाके से सरकारी दावों की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है, जहां सड़क न होने के कारण एक महिला को घर में प्रसव कराना पड़ा और उसने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया। जुड़वा बच्चियों में से एक बच्ची की मौत हो गयी तथा महिला की गंभीर हालत को देखते हुये परिजनों ने उसे खाट पर लिटाकर किसी तरह भारी मशक्कत से दो किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर सड़क तक पहुंचे जहां से आटो के सहारे वह अस्पताल पहुंच सके।

गांव में थी नहीं थी सुविधा 

मप्र सरकार का दावा है कि अब गरीब को एयर एंबुलेंस तक की सुविधा नि:शुल्क मिल रही है परन्तु यह हकीकत सिंगरौली जिले के उस इलाके का है जहां से पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने चुनाव जीता है तथा उनका गृह ग्राम है। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया है। बताते चलें कि इन दिनों पूरे प्रदेश की सड़के तहस-नहस हो गयी हैं परन्तु जिम्मेदार झूठे विकास का ढिंढोरा पीटने से बाज नहीं आ रहे हैं।

जन्म के कुछ देर बाद ही नवजात की मौत 

धानी ग्राम के निवासी बृहस्पति कोल की पत्नी गल्लू देवी ने शुक्रवार शाम 5 बजे जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया। जन्म के कुछ घंटों बाद ही एक बच्ची की मौत हो गई। शनिवार सुबह स्थानीय समाजसेवी कुलदीप पाठक को घटना की जानकारी मिली। वे तुरंत मौके पर पहुंचे।महिला की स्थिति को देखते हुए उन्होंने परिजनों को अस्पताल ले जाने की सलाह दी। सड़क और एम्बुलेंस की सुविधा न होने के कारण परिजनों को महिला को खाट पर लेकर 2 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। इसके बाद ऑटो से कोरसर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।

एक अस्पताल से दूसरे में किया रेफ़र 

स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने मां और जीवित बच्ची की जांच की।ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर हरिशंकर बैंस ने बताया कि नवजात बच्चे का वजन 1 किग्रा से भी कम है। इसलिए उन्हें उपचार के लिए बैढ़न के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। लेकिन परिजन जिला अस्पताल ले जाने के बजाय महिला को घर ले गए हैं। बच्ची की जान को खतरा है। बहरहाल महिला को खाट पर ले जाने का यह वीडियो अब सामने आया है।

सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट 

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Sushma Bhardwaj
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews