नेशनल टी20 कप में कराची ब्लूज और लाहौर ब्लूज के बीच खेले गए एक मैच में एक ऐसी घटना देखने को मिली जिसने क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दरअसल कराची ब्लूज के युवा तेज गेंदबाज असद अख्तर की एक नो बॉल की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। बता दें कि इस गेंद पर उनका पैर क्रीज से काफी आगे निकल गया था, जिससे यह नो बॉल असामान्य रूप से ज्यादा बड़ी दिखी।
दरअसल इस मैच में असद अख्तर ने सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की लेकिन उस ओवर में उन्होंने 21 रन खर्च कर दिए। वहीं इस ओवर के दौरान उन्होंने दो वाइड और दो नो बॉल फेंकीं। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा उस एक नो बॉल की हो रही है जिसमें उनका पैर सफेद लाइन से काफी आगे दिखाई दिया। जैसे ही इसकी तस्वीर सामने आई, क्रिकेट फैंस के बीच इस पर चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में “नो बॉल का बाप” तक भी कह दिया।
ये भी पढ़ें
इस नो बॉल से फिर चर्चा में आया स्पॉट फिक्सिंग विवाद
दरअसल असद अख्तर की इस बड़ी नो बॉल के सामने आने के बाद कई लोगों ने इसकी तुलना 2010 के स्पॉट फिक्सिंग मामले से भी की। बता दें कि उस समय पाकिस्तान क्रिकेट को बड़ा झटका लगा था जब इंग्लैंड दौरे के दौरान कुछ खिलाड़ियों पर जानबूझकर नो बॉल फेंकने के आरोप लगे थे। उस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नो बॉल को लेकर काफी सख्त निगरानी शुरू हुई थी। हालांकि मौजूदा मामले में किसी तरह के गलत इरादे का आरोप सामने नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर पुराने विवादों की याद जरूर ताजा हो गई है।
इतनी बड़ी नो बॉल बहुत कम देखने को मिलती है
हालांकि युवा गेंदबाजों के साथ अक्सर रन-अप और फुटवर्क की गलती के कारण ऐसी नो बॉल हो जाती है। खासकर टी20 जैसे छोटे फॉर्मेट में गेंदबाजों पर दबाव ज्यादा होता है, जिससे कभी-कभी लाइन के आगे पैर पड़ जाता है। लेकिन इस घटना के बाद क्रिकेट फैंस ने भी मजेदार प्रतिक्रिया दी है। कई लोगों ने कहा कि इतनी बड़ी नो बॉल बहुत कम देखने को मिलती है। वहीं कुछ लोगों ने इसे युवा गेंदबाज की अनुभव की कमी बताया और कहा कि ऐसे मामलों से सीख लेकर खिलाड़ी आगे बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
बता दें कि असद अख्तर अभी पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट में नए खिलाड़ी हैं। 25 साल के इस तेज गेंदबाज का टी20 करियर अभी बहुत छोटा है। उन्होंने अब तक केवल पांच टी20 मैच खेले हैं, जिनमें आठ विकेट अपने नाम किए हैं। नेशनल टी20 कप के मौजूदा सीजन में उन्होंने दो मैचों में सिर्फ एक विकेट लिया है और उनका इकॉनॉमी रेट 11.25 रहा है, जो टी20 के लिहाज से काफी महंगा माना जाता है।