एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा। 9 सितंबर से शुरू हुए इस भव्य टूर्नामेंट में कई शानदार मैच देखने को मिले। 8 टीमों ने खिताब के लिए संघर्ष किया, हालांकि सिर्फ दो टीमें फाइनल में जगह बनाने में कामयाब हो सकीं। टीमों के बीच कुल 18 मैच खेले गए। इसके बाद भारत और पाकिस्तान की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। अब दोनों टीमें रविवार को आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।

वहीं इस फाइनल मुकाबले को लेकर अभी से चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दरअसल 41 साल में पहली बार भारत और पाकिस्तान एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने होंगे। हालांकि भारत को इस खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी ने पाकिस्तानी टीम को बड़ी सलाह दी है।

पूर्व खिलाड़ी वसीम अकरम ने पाकिस्तान टीम को दी सलाह

दरअसल फाइनल मुकाबले से पहले पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी वसीम अकरम ने पाकिस्तान टीम को आत्मविश्वास रखने और शुरुआती विकेट लेने पर फोकस करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि अगर पाकिस्तान की टीम भारतीय टीम के विकेट लेने पर फोकस करती है तो वह मैच जीत सकती है। वसीम अकरम ने कहा कि फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच है। भारत निश्चित रूप से इसका प्रबल दावेदार है, लेकिन इस मैच में कुछ भी हो सकता है। पाकिस्तान को आत्मविश्वास बनाए रखना होगा, अपने आप पर विश्वास रखना होगा और समझदारी से क्रिकेट खेलना होगा। शुरुआती विकेट से पाकिस्तान भारत को बैकफुट पर धकेल सकता है। मुझे उम्मीद है कि अंत में सर्वश्रेष्ठ टीम ही जीतेगी।

कप्तान को लेकर क्या बोले वसीम अकरम?

इसके अलावा वसीम अकरम ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को भी सलाह दी है। उन्होंने सलमान अली आगा से कहा कि अगर आप इस तरह के मैच जीतते हैं तो हम एक खास टीम जरूर होंगे। बांग्लादेश के खिलाफ सभी ने अच्छा क्रिकेट खेला। बल्लेबाजी में सुधार की गुंजाइश है, हम इस पर काम करेंगे। हम अच्छी फील्डिंग करते हैं, हम अतिरिक्त सेशन भी खेल रहे हैं। टीम के कोच ने कहा था कि अगर आप अच्छी फील्डिंग नहीं कर सकते तो आप टीम में नहीं रह पाएंगे। हम किसी को भी हराने के लिए पर्याप्त टीम हैं। हम भारत के खिलाफ रविवार को वापसी करेंगे और जीतेंगे।