Hindi News

पाकिस्तान की राह चला बांग्लादेश! मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाने के मामले में ICC से हस्तक्षेप की मांग की

Written by:Rishabh Namdev
Published:
बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाने के बाद अब बांग्लादेश में कोलकाता नाइट राइडर्स और बीसीसीआई को लेकर विरोध जताया जा रहा है। अब इस मामले में आईसीसी से हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।
पाकिस्तान की राह चला बांग्लादेश! मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाने के मामले में ICC से हस्तक्षेप की मांग की

आईपीएल से मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने के फैसले की निंदा बांग्लादेश की ओर से की गई है। इसे लेकर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ नजरुल ने फेसबुक पर लिखा कि वह इस फैसले की कड़ी निंदा करते हैं और इसका विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि “चरमपंथी सांप्रदायिक समूहों के आगे झुकते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने का निर्देश दिया है।”

एएनआई ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि नजरुल ने आगे कहा कि अंतरिम सरकार ने क्रिकेट बोर्ड को इस मामले में आईसीसी से हस्तक्षेप की मांग करने की सलाह दी है। हालांकि आईपीएल एक घरेलू टूर्नामेंट है, ऐसे में यह बीसीसीआई के अधिकार क्षेत्र में आता है, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से आईसीसी से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।

आईसीसी से हस्तक्षेप की मांग

दरअसल इस मामले में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ नजरुल ने खेल मंत्रालय की सलाहकार के रूप में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को आईसीसी को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर पूरे मामले को स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। नजरुल का कहना है कि बोर्ड को यह स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि अगर कोई बांग्लादेशी खिलाड़ी अनुबंध के तहत होने के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता है, तो बांग्लादेश के लिए विश्व कप में भाग लेने के लिए पूरी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का भारत जाना ज्यादा सुरक्षित नहीं होगा।

बांग्लादेश भी भारत में नहीं खेलेगा मुकाबले?

बता दें कि T20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले 7 फरवरी से शुरू होंगे। भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले हैं। अब पाकिस्तान की तरह बांग्लादेश बोर्ड भी श्रीलंका में अपने मुकाबले खेलने का रुख अपना रहा है। नजरुल ने जानकारी दी है कि उन्होंने बोर्ड को निर्देश दिया है कि बांग्लादेश के विश्व कप मुकाबले श्रीलंका में आयोजित करवाए जाएं। इसके अलावा उन्होंने सूचना एवं प्रसारण सलाहकार से भी अनुरोध किया है कि बांग्लादेश में आईपीएल मैचों का प्रसारण भी नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बांग्लादेशी क्रिकेट या बांग्लादेशी क्रिकेटरों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जानकारी दें कि भारत में हो रहे बांग्लादेशी खिलाड़ियों के विरोध के बाद बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश देते हुए मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाने की बात कही थी, जिसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से बाहर कर दिया है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews