Hindi News

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में नहीं होगी भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर, ICC का बड़ा फैसला, शेड्यूल आया सामने

Written by:Rishabh Namdev
Published:
क्रिकेट वर्ल्ड कप में अक्सर सभी क्रिकेट फैंस भारत और पाकिस्तान के मुकाबले का इंतजार करते हैं। लेकिन अब ICC की ओर से बड़ा निर्णय लिया गया है। 2026 में होने वाले अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमों को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है, जिससे दोनों टीमों के बीच लीग स्टेज में मुकाबला देखने को नहीं मिलेगा।
क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 में नहीं होगी भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर, ICC का बड़ा फैसला, शेड्यूल आया सामने

अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 को लेकर ICC की ओर से बड़ा निर्णय लिया गया है। हाल ही में आईसीसी ने इसका शेड्यूल जारी किया, जिसे देखकर सभी हैरान रह गए। दरअसल यह वर्ल्ड कप जिम्बाब्वे और नामीबिया में 15 जनवरी से 6 फरवरी तक खेला जाएगा। लेकिन इस बड़े टूर्नामेंट के लीग स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं खेला जाएगा। शेड्यूल के मुताबिक इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों के बीच 41 लीग स्टेज मुकाबले खेले जाएंगे, लेकिन एक बार भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने नहीं होंगी। यानी अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल या फाइनल में प्रवेश करती हैं, तभी टक्कर देखने को मिल सकती है।

आमतौर पर भारत और पाकिस्तान को आईसीसी एक ही ग्रुप में रखता है जिससे लीग स्टेज में दोनों टीमों के बीच मुकाबला देखने को मिलता है। लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच संबंध अच्छे नहीं चल रहे हैं और इसका असर क्रिकेट की फील्ड पर भी देखा गया है, जिसके चलते अब आईसीसी ने यह निर्णय लिया है।

16 टीमों को चार-चार के ग्रुप में बांटा गया

शेड्यूल पर नजर डालें तो आईसीसी ने सभी 16 टीमों को चार-चार के ग्रुप में बांटा है। एक ग्रुप में भारत, बांग्लादेश, अमेरिका और न्यूजीलैंड की टीम शामिल है, जबकि दूसरे ग्रुप में जिम्बाब्वे, पाकिस्तान, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड की टीम है। वहीं तीसरे ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, जापान और श्रीलंका की टीम शामिल है। चौथे ग्रुप में तंजानिया, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका की टीम शामिल है। यानी भारत और पाकिस्तान दोनों ही अलग-अलग ग्रुप में हैं। ऐसे में दोनों के बीच लीग स्टेज में मुकाबला नहीं होगा। पिछले कुछ बड़े टूर्नामेंट में देखा जाए तो दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखा गया था, जिससे दोनों के बीच मुकाबला तय रहता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

एशिया कप 2025 में तीन बार हुई थी टक्कर

हाल ही में खेले गए एशिया कप 2025 के टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच तीन बार मुकाबला खेला गया था। दरअसल, दोनों टीमें पहले 14 सितंबर को आमने-सामने हुई थीं, जबकि सुपर-4 में भी 21 सितंबर को दोनों के बीच मुकाबला खेला गया था। वहीं 28 सितंबर को दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला भी खेला गया था। हालांकि टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने हाथ नहीं मिलाए थे और दोनों देशों के बीच बड़ा विवाद भी देखने को मिला था। ऐसे में यह साफ होता है कि दोनों देश अब क्रिकेट के मैदान पर भी सामान्य दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसी स्थिति को देखते हुए अब आईसीसी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में दोनों देशों को अलग-अलग ग्रुप में रखा है।

शेड्यूल पर डालें नजर

वहीं इस भव्य टूर्नामेंट के शेड्यूल पर नजर डाली जाए तो लीग स्टेज में भारत का पहला मुकाबला 15 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश और तीसरा मुकाबला 24 जनवरी को न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ खेला जाएगा। जिम्बाब्वे और नामीबिया द्वारा इस भव्य टूर्नामेंट की मेजबानी की जा रही है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews