भारतीय क्रिकेट के सितारे कुलदीप यादव आज अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ मसूरी के प्रतिष्ठित आईटीसी सेवॉय होटल में सात फेरे लेंगे। तीन दिनों से चल रहे शादी के जश्न का आज समापन होगा, जिसमें क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

शादी का कार्यक्रम आज शाम को शुरू होगा। शाम 4 बजे साफा बंधाई की रस्म अदा की जाएगी, जिसके बाद 5 बजे धूमधाम से बारात निकलेगी। वरमाला का कार्यक्रम शाम 6 बजे और फेरे रात 8 बजे होंगे। इसके बाद देर रात तक अन्य पारंपरिक रस्में पूरी की जाएंगी। इस ग्रैंड वेडिंग में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, टी20 के कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के भी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

हल्दी में युजवेंद्र चहल ने जमाया रंग

शुक्रवार को हुई हल्दी की रस्म में जश्न का माहौल देखने लायक था। सुबह 11 बजे से शुरू हुई यह रस्म दोपहर तक चली, जिसमें मेहमानों ने खूब मस्ती की। इस समारोह के सबसे चर्चित चेहरे स्पिनर युजवेंद्र चहल रहे। चहल कभी कुलदीप को हल्दी लगाते दिखे तो कभी ढोल की थाप पर जमकर डांस करते नजर आए। उनके अलावा कुलदीप और वंशिका ने भी एक साथ डांस किया। शादी में शामिल होने के लिए रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ, पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला और फील्डिंग कोच टी दिलीप पहले ही मसूरी पहुंच चुके हैं।

शाही दावत और लाखों के इंतजाम

मेहमानों के लिए बेहद खास और शाही इंतजाम किए गए हैं। हल्दी के बाद हुए लंच में परोसी गई एक थाली की कीमत 20 हजार रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। शादी के लिए प्लैटिनम और गोल्ड मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें वेज और नॉनवेज के अनेकों लजीज व्यंजन शामिल हैं। बार मेन्यू में भी देश-विदेश के सबसे महंगे ब्रांड्स को जगह दी गई है, जिसमें 40 हजार रुपये की डॉम पेरिग्नॉन शैम्पेन और 35 हजार रुपये तक की सिंगल माल्ट स्कॉच शामिल है।

बचपन की दोस्ती और #Kulvansh हैशटैग

कुलदीप यादव और वंशिका सिंह एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। कानपुर के रहने वाले कुलदीप और लखनऊ की वंशिका की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और अब दोनों शादी कर रहे हैं। इस शादी के लिए एक खास हैशटैग #Kulvansh भी बनाया गया है, जो कुलदीप के ‘कुल’ और वंशिका के ‘वंश’ को मिलाकर बना है। शादी का डिजिटल इन्विटेशन कार्ड भी रॉयल थीम पर डिजाइन किया गया है, जिसमें भगवान गणेश की वंदना के साथ कुलदीप और वंशिका के एनिमेटेड अवतार भी हैं। सोशल मीडिया पर शादी से जुड़ी तस्वीरें इसी हैशटैग के साथ शेयर की जाएंगी।