Hindi News

ईशान किशन को बनाया गया कप्तान, ईस्ट जोन की टीम का ऐलान

Written by:Neha Sharma
Published:
दिलीप ट्रॉफी 2025 के लिए ईस्ट जोन ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। ईस्ट जोन की कप्तानी इस बार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को सौंपी गई है। वहीं, इस स्क्वाड में सबसे बड़ा नाम अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का है।

दिलीप ट्रॉफी 2025 के लिए ईस्ट जोन ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस स्क्वाड में सबसे बड़ा नाम अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का है, जो लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। शमी की फिटनेस को लेकर पहले सवाल थे, लेकिन अब उन्हें दोबारा मैदान में उतरने का मौका मिला है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में वह खेले थे और इंग्लैंड दौरे के लिए भी उनके चयन की उम्मीद थी, लेकिन अब दिलीप ट्रॉफी उनके लिए भारतीय टीम में वापसी का रास्ता बन सकती है।

ईशान किशन बने कप्तान

ईस्ट जोन की कप्तानी इस बार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को सौंपी गई है। ईशान ने हाल ही में इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप डिविजन वन में नॉटिंघमशायर की ओर से खेलते हुए दो अर्धशतक लगाए थे। टीम के उपकप्तान के रूप में अभिमन्यु ईश्वरन को चुना गया है। अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज मुकेश कुमार, आकाश दीप और ऑलराउंडर रियान पराग का नाम शामिल है।

ईस्ट जोन की टीम 28 अगस्त को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में नॉर्थ जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच खेलेगी। यह मुकाबला शमी और किशन जैसे खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का अहम मौका होगा। टीम में संतुलन बनाए रखने के लिए अनुभव और युवा जोश का अच्छा मेल देखने को मिलेगा।

वैभव सूर्यवंशी रिजर्व में शामिल

टीम के रिजर्व प्लेयर्स में भी कुछ खास नाम शामिल किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा 14 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है, जिन्हें उनके आक्रामक खेल के लिए जाना जाता है। इसके अलावा मुख्तार हुसैन, आशीर्वाद स्वैन, राहुल सिंह, स्वास्तिक सामल और सुदीप कुमार घरामी को भी बैकअप खिलाड़ियों के रूप में रखा गया है।

ईस्ट जोन स्क्वाड: ईशान किशन (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन (उपकप्तान), संदीप पटनायक, विराट सिंह, देनिश दास, श्रीदाम पॉल, शरणदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, रियान पराग, उत्कर्ष सिंह, मनीषी, सूरज सिंधु जयसवाल, मुकेश कुमार, आकाश दीप, मोहम्मद शमी।

रिजर्व प्लेयर्स: मुख्तार हुसैन, आशीर्वाद स्वैन, वैभव सूर्यवंशी, स्वास्तिक सामल, सुदीप कुमार घरामी, राहुल सिंह।

Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews