इस समय डोमेस्टिक क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट में से एक दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। यह मुकाबला सेंट्रल जोन और साउथ जोन की टीम के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मध्य प्रदेश के दो गेंदबाजों ने कमाल कर दिया है। दरअसल मध्य प्रदेश के सारांश जैन और कुमार कार्तिकेय ने साउथ जोन के बल्लेबाजों को परेशान कर दिया और सेंट्रल जोन की टीम को फाइनल मुकाबले में मजबूत स्थिति में खड़ा कर दिया।
मुकाबले पर नजर डाली जाए तो सेंट्रल जोन की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। कप्तान रजत पाटीदार के इस निर्णय को गेंदबाजों ने सही साबित कर दिया और साउथ जोन की टीम परेशानियों में बुरी तरह घिर गई।
सस्ते में लौटी पूरी टीम
साउथ जोन की टीम ने मात्र 63 ओवर ही बल्लेबाजी की और 149 के स्कोर पर पूरी टीम ऑल आउट हो गई। पहले दिन के खेल में सेंट्रल जोन की टीम बेहद ही मजबूत नजर आई। साउथ जोन की ओर से सबसे ज्यादा रन सलामी बल्लेबाज तन्मय अग्रवाल ने बनाए। तन्मय अग्रवाल ने 76 गेंदों का सामना करते हुए 31 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके लगाए और 40.79 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनके अलावा सलमान निजार ने 24 रनों की पारी खेली और अंकित शर्मा ने 20 रन बनाए। मोहित काले ने 9 रन, स्मरण रविचंद्रन ने 1 रन और रिकी भुई ने 15 रन बनाए। टीम को मात्र 27 के स्कोर पर पहला झटका लग गया और 65 के स्कोर पर पांच खिलाड़ी आउट हो गए।
मध्य प्रदेश के इन दो खिलाड़ियों का कहर
सेंट्रल जोन की टीम ने गजब की गेंदबाजी की। मध्य प्रदेश के सारांश जैन और कुमार कार्तिकेय ने कमाल कर दिखाया। सारांश जैन ने 24 ओवर गेंदबाजी की, दो मेडन ओवर डाले, 49 रन दिए और पांच विकेट झटके। जबकि कुमार कार्तिकेय ने 21 ओवर में 53 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। कुमार कार्तिकेय ने एक मेडन भी डाला। सारांश जैन ने अंकित शर्मा, निदेश, सिद्धार्थ और सलमान निजार को आउट किया। वहीं कुमार कार्तिकेय ने मोहित काले, स्मरण रविचंद्रन और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया।
बल्लेबाजी में भी मजबूत शुरुआत
वहीं सेंट्रल जोन की टीम ने पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए दिन के अंत तक 50 रन बना लिए और कोई भी विकेट नहीं खोया। दानिश मालेवार ने 28 रनों की पारी खेली जबकि अक्षय वाडकर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। सेंट्रल जोन की टीम साउथ जोन से मात्र 99 रन पीछे रही है।





