Hindi News

ICC अध्यक्ष जय शाह ने पाकिस्तान और बांग्लादेश को दी चेतावनी, कहा- ‘कोई भी टीम संस्था से बड़ी नहीं’

Written by:Rishabh Namdev
Published:
मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कोई भी टीम या खिलाड़ी संस्था से बड़ा नहीं होता। उन्होंने यह टिप्पणी उन टीमों के संदर्भ में की जो टूर्नामेंट में हिस्सा लेने को लेकर संशय पैदा करती हैं, जिसमें पाकिस्तान और बांग्लादेश का परोक्ष रूप से जिक्र था।
ICC अध्यक्ष जय शाह ने पाकिस्तान और बांग्लादेश को दी चेतावनी, कहा- ‘कोई भी टीम संस्था से बड़ी नहीं’

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष जय शाह ने मुंबई में आयोजित एक पुरस्कार समारोह के दौरान क्रिकेट जगत को एक कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने बिना किसी देश का नाम लिए स्पष्ट किया कि कोई भी टीम या खिलाड़ी संस्था से बड़ा नहीं हो सकता। माना जा रहा है कि उनका यह बयान पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के लिए एक चेतावनी है, जो पहले टूर्नामेंटों के बहिष्कार की धमकी दे चुके हैं।

जय शाह ने यह बात टी20 विश्व कप 2026 के संदर्भ में कही, जिसके आयोजन को लेकर कुछ टीमों की भागीदारी पर सवाल उठाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि आईसीसी जैसे वैश्विक टूर्नामेंट किसी एक टीम पर निर्भर नहीं होते, बल्कि सभी सदस्य देशों की भागीदारी से सफल बनते हैं।

‘संस्था से बड़ी कोई चीज नहीं’

अपने संबोधन में जय शाह ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले की अनिश्चितताओं का जिक्र किया।

“आईसीसी का वर्ल्ड कप, इतना महत्वपूर्ण था क्योंकि बहुत लोग टूर्नामेंट शुरू होने से पहले चर्चा कर रहे थे कि ये टीम खेलेगी कि नहीं खेलेगी? वर्ल्ड कप कैसे होगा? लेकिन आईसीसी का अध्यक्ष होने के नाते मैं आपको बताना चाहता हूं कि संस्था से बड़ी कोई चीज नहीं होती है।” — जय शाह, अध्यक्ष, आईसीसी

उन्होंने आगे कहा, “कोई एक टीम से संस्था नहीं बनती है, सारी टीमों से मिलकर संस्था बनती है। आप जानते हो कि इस बार व्यूअरशिप में भी सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं।”

एसोसिएट टीमों के प्रदर्शन की सराहना

जय शाह ने हालिया विश्व कप में छोटी या एसोसिएट टीमों के शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कैसे इन टीमों ने बड़ी और स्थापित टीमों को कड़ी टक्कर दी, जिससे टूर्नामेंट और भी रोमांचक हो गया।

उन्होंने कहा, “ये वर्ल्ड कप काफी महत्वपूर्ण साबित हुआ। देखा कि यूएसए ने भारत को पहले मैच में टक्कर दी। नीदरलैंड ने पाकिस्तान को टक्कर दी और जिम्बाब्वे ने तो ऑस्ट्रेलिया को हरा ही दिया। नेपाल ने इंग्लैंड को टक्कर दी। इसलिए मैं सभी एसोसिएट नेशन को भी बहुत शुभकामनाएं देना चाहता हूं कि उन्होंने फुल मेंबर टीमों को कड़ी टक्कर दी।”

टीम इंडिया को दिया खास संदेश

इस मौके पर जय शाह ने भारतीय क्रिकेट टीम को भी एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने सफलता को बनाए रखने की अहमियत पर जोर देते हुए कहा, “एडमिनिस्ट्रेटर के नाते ये मेरा 17वां साल है। टॉप से नीचे जाने में महीनों लगते हैं और नीचे से टॉप पर जाने में सालों लगते हैं। आपको सस्टेन करना है, इसलिए आप इतनी मेहनत करना कि इसी तरह हर साल आपको अवार्ड मिलते जाएं।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews