आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत को एक और हार का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते अब सेमीफाइनल की राह और ज्यादा मुश्किल हो गई है। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन हार को नहीं बचा पाई। इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में चार रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। बता दें कि मुकाबले में स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंतिम ओवरों में इंग्लैंड की गेंदबाजों ने वापसी करते हुए भारतीय खिलाड़ियों से जीत छीन ली। बता दें कि अब भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब न सिर्फ अपने सभी मैच जीतने होंगे बल्कि दूसरी टीमों पर निर्भर रहना होगा।
दरअसल, भारत को आखिरी तीन ओवरों में 27 रनों की जरूरत थी, मगर टीम के पास बल्लेबाजी के लिए ज्यादा विकेट नहीं बचे थे। भारत तीन ओवर में 27 रन नहीं बना पाई। इंग्लैंड की गेंदबाजों ने भारत के पास से जीत छीनकर इंग्लैंड की झोली में डाल दी और सेमीफाइनल में जगह बना ली।
ये भी पढ़ें
हैदर नाइट ने 91 गेंदों में 109 रनों की बेहतरीन पारी खेली
इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया था। इंग्लैंड की ओर से शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली। हैदर नाइट ने 91 गेंदों में 109 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अपनी पारी में हैदर नाइट ने 15 चौके और एक छक्का लगाया, जबकि एमी जोन्स ने भी 56 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर इंग्लैंड को 288 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट दीप्ति शर्मा ने लिए। दीप्ति शर्मा ने चार महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं, जबकि श्री चरणी ने भी दो विकेट झटके।
स्मृति मंधाना ने 94 गेंदों पर 88 रन बनाए
भारत को 288 रनों का लक्ष्य दिया गया था। भारत की ओर से कृतिका रावल और स्मृति मंधाना क्रीज पर उतरीं। हालांकि भारत की शुरुआत खराब रही। भारत को मात्र 13 रन के स्कोर पर पहला झटका लग गया। कृतिका रावल मात्र 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जबकि हरलीन देओल ने 24 रनों का योगदान दिया। लेकिन स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने भारत को शानदार साझेदारी दी। स्मृति मंधाना ने 94 गेंदों पर 88 रन बनाए। अपनी पारी में स्मृति ने आठ चौके लगाए। वह शतक से चूक गईं, जबकि हरमनप्रीत कौर ने 70 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपनी पारी में 10 चौके लगाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 50 रनों की शानदार पारी खेली। लेकिन अंत में भारत जीत के लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका। शानदार पारी के चलते हैदर नाइट को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
भारत: कृतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह, श्री चरणी।
इंग्लैंड: एमी जोन्स (विकेटकीपर), टैमी ब्यूमोंट, हीथर नाइट, नैट सीवर-ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकली, एमा लैम्ब, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफी एकलस्टन, लिंसी स्मिथ, लॉरेन बेल।