Hindi News

IND vs NZ पहला ODI मुकाबला आज, जानिए कितनी बजे से शुरू होगा मुकाबला और कहां देख सकते हैं?

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दोपहर 1:30 बजे से तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में होगा। लाइव प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे, जबकि जियो हॉटस्टार पर भी इसकी स्ट्रीमिंग की जाएगी।
IND vs NZ पहला ODI मुकाबला आज, जानिए कितनी बजे से शुरू होगा मुकाबला और कहां देख सकते हैं?

आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में होगा। मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 1:00 बजे किया जाएगा। आज इस मुकाबले में सभी की निगाहें विराट कोहली पर रहेंगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जिस तरह का फॉर्म विराट कोहली ने दिखाया था, फैंस इसी फॉर्म को बरकरार रखने की उम्मीद विराट कोहली से करेंगे। वहीं इस सीरीज में शुभमन गिल पर भी नजरें रहेंगी। क्या शुभमन गिल अपनी फॉर्म को ढूंढ पाएंगे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच हमेशा से ही रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। टी20, वनडे और टेस्ट तीनों में ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविंद्र जडेजा और शुभमन गिल हमेशा से प्रभावी साबित हुए हैं। ऐसे में आज फिर इन खिलाड़ियों से भारत को उम्मीदें होंगी।

हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड देखें जाएं तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 120 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। 62 मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि 50 मुकाबलों में न्यूजीलैंड की टीम को जीत मिली है। इससे समझा जा सकता है कि दोनों के बीच कांटे की टक्कर के मुकाबले होते हैं। हालांकि सात बार दोनों टीमों के बीच मैच बेनतीजा रहा है। भारत की सरजमीं पर दोनों के बीच 40 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 31 बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। न्यूजीलैंड की टीम केवल आठ बार जीत दर्ज कर सकी है। भारत में भारत का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। भारत इस रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगा।

रोहित शर्मा और विराट कोहली तोड़ सकते हैं ये रिकॉर्ड

वहीं आज होने वाले पहले वनडे मुकाबले में न सिर्फ विराट कोहली बल्कि रोहित शर्मा पर भी निगाहें रहेंगी। आज रोहित शर्मा क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर सकते हैं। रोहित के नाम ओपनिंग करते हुए वनडे में 327 छक्के दर्ज हैं, जबकि क्रिस गेल ने 328 छक्के लगाए हैं। अगर रोहित शर्मा आज दो छक्के और लगा देते हैं तो वह यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेंगे। वहीं विराट कोहली भी इस मुकाबले में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर सकते हैं। विराट कोहली 28000 इंटरनेशनल रन के करीब हैं। उनके नाम 27975 रन हैं। अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 42 रन और बना लेते हैं तो इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे टॉप स्कोरर खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल श्रीलंका के कुमार संगकारा 28016 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं। पहले नंबर पर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का नाम है, जिन्होंने 34357 रन बनाए हैं।

दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवॉन कॉन्वे, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिच हे (विकेटकीपर), जैडन लेनोक्स, जैक फॉल्क्स, काइल जैमीसन, माइकल रे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews