Hindi News

आज खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का महा-मुकाबला, वैभव पर रहेगी नजर, यहां जानिए कितनी बजे से देख सकेंगे

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीम आमने-सामने होने वाली है। आज राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय अनुसार मुकाबला रात 8:00 बजे से शुरू होगा।
आज खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का महा-मुकाबला, वैभव पर रहेगी नजर, यहां जानिए कितनी बजे से देख सकेंगे

आज का दिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद बड़ा दिन होने वाला है। आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। यह महा मुकाबला राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के टूर्नामेंट में होगा। आज भारत के पास पाकिस्तान को लगातार छठी बार हराने का मौका रहेगा। भारतीय टीम की कमान जितेश शर्मा के हाथों में है। पिछले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 32 गेंद पर शतक लगाकर सभी को हैरान किया था, वहीं कप्तान जितेश ने भी नाबाद 83 रनों की पारी खेली थी। आज इन दोनों ही खिलाड़ियों से भारत को बड़ी उम्मीद रहेगी।

हालांकि अब तक इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबला ही खेला है और दोनों टीमों ने अपने पहले मुकाबले में जीत दर्ज की है। अब देखना होगा कि आज कौन सी टीम को टूर्नामेंट की पहली हार मिलेगी। जो भी टीम आज मुकाबला जीतेगी, वह सेमीफाइनल के लिए प्रबल दावेदार हो जाएगी। पहले मुकाबले में भारत ने यूएई को 148 रनों से हराया था, तो वहीं पाकिस्तान की टीम ने ओमान पर 40 रन की जीत दर्ज की थी।

भारत के इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजरें

आज के इस मुकाबले में भारत के कई खिलाड़ियों पर नजर रहेगी। सबसे ज्यादा फोकस वैभव सूर्यवंशी पर किया जाएगा। पिछले मुकाबले में वैभव ने मात्र 32 गेंद पर शतक लगाया था। यूएई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 42 गेंद पर 144 रनों की बड़ी पारी खेली थी। वैभव ऐसा कई बार कर चुके हैं और भारत को तेज शुरुआत देने के साथ-साथ तेज गति से रन भी बटोरते हैं। ऐसे में पाकिस्तान के लिए आज वैभव काल बनकर टूट सकते हैं।

वहीं प्रियांश आर्य भी बड़े हिट लगाने के लिए जाने जाते हैं। ब्रांच राणा ने दिल्ली प्रीमियर लीग में छह गेंद पर छह लगातार छक्के लगाए थे, जबकि IPL 2025 में भी CSK के खिलाफ मात्र 42 गेंद में 103 रनों की पारी खेली थी। ऐसे में ब्रांच पर भी आज नजर रहेगी। वहीं मध्य प्रदेश के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक आशुतोष शर्मा भी आज भारत की ओर से खेलेंगे। आज आशुतोष पर भी नजर रहेगी। आशुतोष विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और मिडल ऑर्डर में भारत को मजबूती देंगे। बता दें कि IPL के 24 मुकाबलों में आशुतोष के बल्ले से 393 रन निकल चुके हैं।

लगातार छठी जीत हासिल करने का मौका

आज भारतीय टीम के पास पाकिस्तान पर लगातार छठी जीत हासिल करने का मौका रहेगा। यह सिलसिला 14 सितंबर से शुरू हुआ था। दरअसल दोनों टीमें एशिया कप 2025 के टूर्नामेंट में आमने-सामने हुई थीं। 14 सितंबर के मुकाबले में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी, जबकि सुपर-4 में भी 21 सितंबर को मुकाबला खेला गया था जिसमें भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। 28 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 रन से हराया था। वहीं विमेंस वनडे वर्ल्ड कप लीग मुकाबले में भी भारत ने पाकिस्तान को 88 रनों से हराया था और हांगकांग टूर्नामेंट में भी भारत ने पाकिस्तान को 2 रनों से हराया था। अब अगर भारत की A टीम राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के इस मुकाबले में पाकिस्तान को हराती है, तो यह लगातार छठी जीत होगी।

इंडिया-ए :

जितेश शर्मा (कप्तान, विकेटकीपर), नमन धीर (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहल वधेरा, सूर्यांश शेडगे, रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, विजय कुमार वैशाक, युधवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), सुयश शर्मा।

स्टैंड-बाय: गुरनूर सिंह बरार, कुमार कुशाग्र, तनुष कोटियन, समीर रिज़वी, शेख रशीद।

पाकिस्तान शाहीन्स :

इरफान खान (कप्तान), यासिर खान, मोहम्मद नईम, गाजी घोरी (विकेटकीपर), माज सदाकत, मोहम्मद शाहजाद, मुबाशिर खान, सआद मसूद, खुर्रम शाहजाद, उबैद शाह और सुफियान मुकीम।

स्टैंड-बाय: अहमद दानियाल, आराफात मिन्हास, मोहम्मद कैफ, शाहिद अज़ीज़ और मोहम्मद सलमान।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews