Hindi News

आज IND vs SA के बीच खेला जाएगा पांचवा टी20 मैच, जानिए कितनी बजे से शुरू होगा? संभावित प्लेइंग 11 पर नजर डालें

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। मुकाबला शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। बता दें कि भारत इस मुकाबले को जीतने के साथ ही सीरीज अपने नाम कर लेगा, जबकि साउथ अफ्रीका इस मुकाबले को जीतकर सीरीज ड्रॉ कराने की कोशिश करेगा।
आज IND vs SA के बीच खेला जाएगा पांचवा टी20 मैच, जानिए कितनी बजे से शुरू होगा? संभावित प्लेइंग 11 पर नजर डालें

आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांचवां टी20 मुकाबला खेला जाएगा। बता दें कि साउथ अफ्रीका दौरे का यह आखिरी मुकाबला है। साउथ अफ्रीका ने भारत दौरे पर दो टेस्ट मैच, तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली है। टेस्ट सीरीज में साउथ अफ्रीका की टीम ने 2-0 से जीत हासिल की थी, हालांकि वनडे सीरीज में भारत को 2-1 से जीत मिली थी। वहीं अब टी20 में भी भारत सीरीज जीतने के बेहद करीब है। अब तक खेले गए चार मुकाबलों में से दो मुकाबले भारत ने जीते हैं, एक मुकाबला साउथ अफ्रीका की टीम ने जीता, जबकि एक मुकाबला कोहरे के चलते रद्द कर दिया गया था।

पिछले मुकाबले में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में फैंस निराश होकर घर लौटे थे। ऐसे में अब अहमदाबाद में होने वाले इस मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। आज सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम अहमदाबाद में होने वाले इस मुकाबले को जीतकर टी20 सीरीज जीतना चाहेगी, जबकि साउथ अफ्रीका की टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज ड्रॉ करने की कोशिश करेगी।

लगातार 17 टी20 सीरीज अपने नाम कर चुका है भारत

आज का मुकाबला भारतीय टीम के लिए कई मायनों में अहम होगा। बता दें कि भारत लगातार 17 टी20 सीरीज अपने नाम कर चुका है। साल 2019 में आखिरी बार भारत ने टी20 सीरीज गंवाई थी। पिछले छह सालों में भारत एक भी टी20 सीरीज नहीं हारा है। इस दौरान भारत ने कुल 17 टी20 सीरीज खेली हैं, जिनमें से 15 में जीत दर्ज की है, जबकि दो सीरीज ड्रॉ रही हैं। अगर आज भारत यह मुकाबला जीत जाता है तो एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लेगा। इसके अलावा सीरीज का आखिरी मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए भी बेहद खास होगा, क्योंकि इसके बाद जनवरी महीने में भारतीय टीम कोई टी20 सीरीज खेलती नजर नहीं आएगी। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज होनी है, जबकि फरवरी में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा।

हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीमें कुल 34 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें से 20 बार भारत की टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि 13 बार साउथ अफ्रीका की टीम को जीत मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। आज होने वाले पांचवें मुकाबले में जसप्रीत बुमराह भी खेलते हुए नजर आ सकते हैं। बता दें कि तीसरे मुकाबले में जसप्रीत बुमराह निजी कारणों के चलते मैच से बाहर हो गए थे। हालांकि पांचवें मुकाबले में भारत के उपकप्तान शुभमन गिल का खेलना तय नजर नहीं आ रहा है। बता दें कि शुभमन गिल इस समय चोट से उबर रहे हैं, ऐसे में उनकी जगह संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है।

भारत की ओर से सीरीज में सबसे ज्यादा रन तिलक वर्मा के बल्ले से देखने को मिले हैं। तिलक वर्मा ने तीन मुकाबलों में 114 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला है। वहीं गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने कमाल किया है। वरुण चक्रवर्ती तीन मुकाबलों में छह विकेट अपने नाम दर्ज कर चुके हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल/संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह।

साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), डेवॉल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्त्जे, लुंगी एनगिडी और ओर्टनील बार्टमैन।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews