भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रही पांच मैचों की T 20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हैदराबाद के मैदान पर खेला जाएगा। दरअसल इस सीरीज में अब तक तीन मुकाबले हो चुके हैं। भारतीय टीम के पास चौथा मैच जीतकर सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करने का मौका है। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज की टीम मुकाबला जीतकर सीरीज को बराबरी पर लाने की कोशिश करेगी। दोनों टीमों के पिछले मैचों के आंकड़े और खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस मुकाबले को दिलचस्प बनाते हैं। हैदराबाद में बड़े स्कोर बनने का रिकॉर्ड भी मैच से पहले चर्चा में है।
दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर डालें नजर
दरअसल भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 34 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 22 मैच जीते हैं जबकि वेस्टइंडीज को 11 मुकाबलों में जीत मिली है। वहीं एक मैच का नतीजा नहीं निकला। इस रिकॉर्ड में भारतीय टीम आगे है। हैदराबाद में भी भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है और टीम यहां अब तक खेले तीनों टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले जीत चुकी है।
श्रेयस अय्यर ने इस सीरीज में किया शानदार प्रदर्शन
वहीं अब तक इस सीरीज में भारत की ओर से श्रेयस अय्यर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने तीन मैचों में 226.98 की स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 102 रन रहा है। गेंदबाजी में नमन धीर ने तीन मैचों में पांच विकेट लिए हैं। उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 31 रन देकर तीन विकेट रहा। खास बात यह है कि नमन ने अपने सभी विकेट छक्का लगने के बाद अगली गेंद पर लिए हैं। भारतीय टीम को एक बार फिर इन दोनों खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी पर रहेगी नजर
वेस्टइंडीज की ओर से शेरफेन रदरफोर्ड ने तीन मैचों में 189.01 की स्ट्राइक रेट से 172 रन बनाए हैं। वह इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन है। गेंदबाजी में रोस्टन चेज ने तीन मैचों में छह विकेट लिए हैं। वह सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वेस्टइंडीज को सीरीज में वापसी करनी है तो रदरफोर्ड और चेज का प्रदर्शन अहम रहेगा।
हैदराबाद में भारत बना चुका है 297 रन
दरअसल राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हाल ही में पिच को दोबारा तैयार किया गया है। इसके बावजूद यहां बड़े स्कोर बनने की उम्मीद जताई जा रही है। पिछले दो साल में इस मैदान पर 310, 297, 286 और 277 रन जैसे बड़े स्कोर बने हैं। भारत ने 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ इसी मैदान पर 297 रन बनाए थे जो टी-20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत में टी-20 क्रिकेट के टॉप-8 स्कोर में से चार इसी मैदान पर बने हैं।
मुकाबले के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11 :
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह।
वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग 11 :
शाई होप, कामिल पूरन, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड या क्वेंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेज, शमर स्प्रिंगर, कीमो पॉल, शमर जोसेफ और गुडाकेश मोती।






