Hindi News

अभिषेक शर्मा पेट में इन्फेक्शन के चलते दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, नामीबिया के खिलाफ नहीं खेलेंगे मैच,पढ़ें खबर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
टीम इंडिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण के चलते दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस स्वास्थ्य समस्या के कारण वह गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है।
अभिषेक शर्मा पेट में इन्फेक्शन के चलते दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, नामीबिया के खिलाफ नहीं खेलेंगे मैच,पढ़ें खबर

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के अगले मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण (Stomach Infection) की वजह से दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि वह गुरुवार, 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच का हिस्सा नहीं होंगे।

अभिषेक शर्मा टीम के साथ मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। यहां टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने घर पर खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए एक डिनर पार्टी रखी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिषेक इस पार्टी में शामिल तो हुए, लेकिन तबीयत ठीक न लगने के कारण वहां से जल्दी निकल गए। बाद में जांच में पता चला कि उन्हें पेट में इन्फेक्शन है।

इसके बाद उन्हें सोमवार, 9 फरवरी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को भी वह डॉक्टरों की निगरानी में अस्पताल में ही रहे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

नामीबिया के खिलाफ कौन करेगा ओपनिंग?

अभिषेक शर्मा के नामीबिया के खिलाफ मैच से बाहर होने के बाद अब प्लेइंग 11 में बदलाव निश्चित है। माना जा रहा है कि उनकी जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है। ऐसे में ईशान किशन के साथ संजू सैमसन पारी की शुरुआत कर सकते हैं। अभिषेक ने यूएसए के खिलाफ पहले मैच में भी खेला था, हालांकि वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर भी सस्पेंस

नामीबिया के खिलाफ मैच के बाद भारत का अगला और महत्वपूर्ण मुकाबला 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होना है। अभिषेक शर्मा इस हाई-वोल्टेज मैच के लिए फिट हो पाएंगे या नहीं, इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। उनकी उपलब्धता आगे की मेडिकल जांच और रिकवरी पर निर्भर करेगी। फिलहाल टीम मैनेजमेंट और प्रशंसक उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews