इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का छठा मुकाबला आज कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। दरअसल यह मैच KKR के होम ग्राउंड ईडन गार्डन्स में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। दोनों ही टीमें अपने सीजन का पहला मैच हार चुकी हैं और आज जीत की तलाश में मैदान पर उतरेंगी। इस मुकाबले में KKR का पलड़ा हैदराबाद पर ऐतिहासिक रूप से भारी है, क्योंकि उसने पिछले 30 मैचों में से 19 में जीत दर्ज की है।
दरअसल सीजन के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में हराया है। वहीं, चार बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में हार का सामना करना पड़ा है। यह हार दोनों टीमों के लिए चिंता का विषय है, खासकर उनकी गेंदबाजी को लेकर, जिसमें कई कमजोरियां सामने आई हैं।
कोलकाता का हैदराबाद पर भारी रहा है रिकॉर्ड
वहीं कोलकाता और हैदराबाद के बीच अब तक IPL के 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 19 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को सिर्फ 10 जीत मिली हैं। एक मैच टाई रहा है, जिसे सुपर ओवर में कोलकाता ने अपने नाम किया है। यह रिकॉर्ड KKR को आज के मैच में मनोवैज्ञानिक बढ़त दे सकता है।
कोलकाता की गेंदबाजी चिंता का विषय
कोलकाता की गेंदबाजी इस सीजन में टीम के लिए बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है। शुरुआत में ऐसा लगा है कि टीम ने एक मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण तैयार कर लिया है, लेकिन चोटों और खिलाड़ियों की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं ने इस ताकत को कमजोर कर दिया है। हर्षित राणा और आकाश दीप टीम से बाहर हैं। मथीश पथिराना को अभी श्रीलंका क्रिकेट से NOC नहीं मिला है। इसके अलावा, 25.20 करोड़ रुपए में खरीदे गए कैमरन ग्रीन फिलहाल सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर ही टीम के लिए उपलब्ध हैं, गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं।
गेंदबाजी में गहराई की यह कमी मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में साफ नजर आई है, जहां कोलकाता 220 रनों का बड़ा स्कोर भी डिफेंड करने में नाकाम रही है। स्पिन डिपार्टमेंट भी टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। उस मैच में वरुण चक्रवर्ती को कोई विकेट नहीं मिला है और उन्होंने 48 रन खर्च किए हैं। टीम को अपनी गेंदबाजी लाइनअप में जल्द सुधार करना होगा, ताकि बड़े स्कोर को बचाया जा सके।
सनराइजर्स हैदराबाद का टॉप ऑर्डर मजबूत
सनराइजर्स हैदराबाद का टॉप ऑर्डर अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड जैसे सितारों से सजा है, जो कागज पर मजबूत दिखता है। लेकिन गेंदबाजी विभाग SRH की भी सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है। कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में SRH की कमजोरी उजागर हुई है, जब टीम अपने पहले मैच में 201 रनों का स्कोर भी बचाने में नाकाम रही है।
पहले मैच में नीतीश कुमार रेड्डी, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा जैसे गेंदबाज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को रोकने में संघर्ष करते दिखे हैं। वहीं बल्लेबाजी में भी टीम को निराशा मिली है, जब अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड जैसे बड़े नाम जल्दी आउट हो गए हैं। हालांकि कमिंस ने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है और टूर्नामेंट के बीच में वापसी कर सकते हैं, लेकिन फिलहाल SRH को अपने कप्तान के बिना ही संतुलन बनाना होगा और टॉप ऑर्डर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करनी होगी।
कोलकाता की पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी, ओस से चेज करना आसान
कोलकाता के ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है। यहां खूब रन बनते हैं और बाउंड्री भी छोटी हैं, जिससे बल्लेबाजों को फायदा मिलता है। ओस की वजह से टीमें अक्सर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती हैं, ताकि बाद में लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाए। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजों के लिए खेलना आसान हो जाता है।
ईडन गार्डन्स में IPL के अब तक 100 मैच खेले गए हैं। इसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 42 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 57 मुकाबलों में जीत मिली है। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा है। यह आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि यहां चेज करने वाली टीमों को अधिक सफलता मिलती है।
गुरुवार को कोलकाता का मौसम गर्म रहेगा और धूप काफी तेज रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। एक्यूवेदर के मुताबिक, तापमान 25 डिग्री से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे खिलाड़ियों को गर्मी से जूझना पड़ सकता है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
कोलकाता नाइट राइडर्स: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी, मनीष पांडे।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर और कप्तान), हेनरिक क्लासन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, डेविड पैन।






