आज अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में IPL का पांचवां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स का लखनऊ के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा रहा है। अब तक खेले गए 7 मैचों में से दिल्ली ने 4 जीते हैं। पिछले सीजन में भी दिल्ली ने लखनऊ को दोनों मुकाबलों में हराया था, जिससे इस मैच में उनका आत्मविश्वास ऊंचा रहेगा। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा और टॉस 7:00 बजे होगा।
दरअसल IPL में अब तक लखनऊ और दिल्ली के बीच कुल 7 मुकाबले हुए हैं। इनमें से 4 बार दिल्ली ने जीत दर्ज की है, जबकि 3 बार लखनऊ को सफलता मिली है। पिछले आईपीएल सीजन में दोनों टीमों के बीच 2 मैच खेले गए थे, और दोनों में ही दिल्ली कैपिटल्स ने बाजी मारी थी। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भी दोनों टीमें 3 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें से 2 बार दिल्ली ने और एक बार लखनऊ ने जीत हासिल की है। दोनों ही टीमें अभी तक आईपीएल खिताब नहीं जीत पाई हैं। लीग में 2022 से खेल रही लखनऊ सुपर जायंट्स पिछले सीजन में 7वें स्थान पर रही थी, वहीं दिल्ली कैपिटल्स 5वें नंबर पर रही थी।
इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
दिल्ली कैपिटल्स की टीम में कुछ अहम बदलाव हुए हैं। इंग्लैंड के बेन डकेट ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है, जिसकी पुष्टि दिल्ली टीम ने की है। ऐसे में केएल राहुल के साथ ओपनिंग के लिए करुण नायर या पाथुम निसांका को मौका मिल सकता है। टीम के लेफ्ट आर्म पेसर मिचेल स्टार्क भी शुरुआती कुछ मैचों से बाहर रहेंगे। वे अप्रैल के दूसरे सप्ताह में टीम से जुड़ सकते हैं। इस सीजन दिल्ली की टीम काफी संतुलित दिख रही है। टॉप ऑर्डर में केएल राहुल एक मजबूत बल्लेबाज हैं। राहुल के अलावा, करुण नायर, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर से भी टीम को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है। मिलर के टीम में आने से मिडिल ऑर्डर को और मजबूती मिली है। समीर रिजवी और आशुतोष शर्मा फिनिशर की भूमिका में नजर आ सकते हैं। वहीं, अक्षर पटेल और विपराज निगम बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए अहम योगदान देंगे।
लखनऊ सुपर जायंट्स का टॉप ऑर्डर भी काफी शानदार है। मिचेल मार्श और ऐडन मार्करम से टीम को इस सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। निकोलस पूरन अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, कप्तान ऋषभ पंत की फॉर्म लखनऊ के लिए काफी महत्वपूर्ण होगी। टीम का मिडिल ऑर्डर थोड़ा कमजोर दिख रहा है, जो चिंता का विषय हो सकता है। गेंदबाजी में लखनऊ के पास मोहम्मद शमी, आवेश खान, एनरिक नॉर्त्या, मयंक यादव और मोहसिन खान जैसे दमदार पेस अटैक मौजूद हैं। स्पिन डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी दिग्वेश राठी संभालेंगे।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), करुण नायर/पाथुम निसांका, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, आकिब नबी, थंगारसु नटारजन।
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर और कप्तान), आयुष बडोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, वनिंदू हसरंगा, दिग्वेश राठी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, मयंक यादव।
पिच और मौसम का मिजाज
लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच पर कभी कम स्कोर वाले तो कभी बड़े स्कोर वाले मैच देखने को मिलते हैं। यहां ओस का फैक्टर भी महत्वपूर्ण होता है। ओस के कारण दूसरी पारी में गेंदबाजों को गेंद पर पकड़ बनाने में दिक्कत होती है, जिसका फायदा बल्लेबाजी करने वाली टीम को मिलता है। ऐसे में टॉस की भूमिका काफी अहम होगी। टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगा। इकाना स्टेडियम में अब तक IPL के 22 मैच खेले गए हैं। इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 12 मुकाबले जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है।
लखनऊ में आज के मैच के दौरान बारिश की आशंका केवल 1% है। हालांकि, इस दौरान तेज गर्मी का भी अनुभव होगा। तापमान 23 डिग्री से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। मंगलवार रात यहां हल्की बारिश जरूर हुई थी, लेकिन मैच पर इसका ज्यादा असर पड़ने की संभावना नहीं है। इससे पहले, 17 दिसंबर को इसी स्टेडियम में कोहरे के कारण भारत और साउथ अफ्रीका के बीच एक टी-20 मुकाबला रद्द करना पड़ा था, लेकिन आज ऐसी स्थिति की उम्मीद कम है। IPL मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देखी जा सकती है।






