Hindi News

MPL की नीलामी में आशुतोष शर्मा बने सबसे महंगे खिलाड़ी, 15 लाख में इस टीम ने खरीदा, अक्षत रघुवंशी पर भी लगी बड़ी बोली

Written by:Rishabh Namdev
Published:
मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) की नीलामी में आशुतोष शर्मा 15 लाख रुपए में बिककर सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। दरअसल उन्हें मालवा स्टेलियंस ने खरीदा है। वहीं इंदौर में चल रही इस नीलामी में अक्षत रघुवंशी और अनिकेत वर्मा जैसे खिलाड़ियों पर भी मोटी बोली लगाई गई है।
MPL की नीलामी में आशुतोष शर्मा बने सबसे महंगे खिलाड़ी, 15 लाख में इस टीम ने खरीदा, अक्षत रघुवंशी पर भी लगी बड़ी बोली

मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) की नीलामी इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में चल रही है। दरअसल इस नीलामी ने मध्य प्रदेश के क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। बता दें कि मंगलवार को हुई बोली में आशुतोष शर्मा 15 लाख रुपए में बिककर सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। दरअसल मालवा स्टेलियंस ने उन्हें अपने खेमे में शामिल किया है। वहीं आशुतोष शर्मा के बाद अक्षत रघुवंशी ने भी बड़ा नाम कमाया है। बता दें कि रीवा जगुआर ने उन्हें 13 लाख 80 हजार रुपए में खरीदा है।

अक्षत रघुवंशी नीलामी के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं तीसरे स्थान पर अनिकेत वर्मा रहे हैं, जिन्हें भोपाल लेपर्ड्स ने 13 लाख 20 हजार रुपए देकर अपनी टीम में लिया है।

दरअसल नीलामी में शिवांग कुमार को बुंदेलखंड बुल्स ने 13 लाख रुपए में खरीदा है। यह भी एक बड़ी रकम है जो उनकी प्रतिभा को दिखती है। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज आवेश खान को चंबल घड़ियाल ने 8 लाख 20 हजार रुपए में खरीदा है, जबकि इंदौर पिंक पैंथर ने युवा शिवम शुक्ला के लिए 6 लाख 60 हजार रुपए चुकाए हैं। कुल 244 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जा रही है और हर फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की खरीद के लिए 50 लाख रुपए का पर्स दिया गया है। MPL जून 2026 में इंदौर और ग्वालियर में खेला जाएगा, जिसकी तैयारी इस नीलामी से शुरू हो गई है।

MPL में लागू हुआ उम्र सीमा का नया नियम

वहीं इस बार MPL में एक महत्वपूर्ण नियम लागू किया गया है। बता दें कि 19 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को लीग में भाग लेने की अनुमति नहीं है। दरअसल यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की नीति के अनुरूप है। बीसीसीआई घरेलू टूर्नामेंट में कम आयु वर्ग के लिए टी-20 मुकाबले नहीं कराती है। इस नियम का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को टी-20 जैसे छोटे प्रारूपों के बजाय रेड बॉल क्रिकेट जैसे लंबे प्रारूपों के प्रति गंभीर बनाना है, ताकि वे भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए तैयार हो सकें।

नीलामी में कैटेगरी A के खिलाड़ियों पर बोली पूरी हो चुकी है। इस कैटेगरी में कुमार कार्तिकेय जैसे नाम भी शामिल थे, जिन्हें रॉयल निमाड़ ईगल्स ने 10 लाख 20 हजार रुपए में खरीदा। कैटेगरी A की नीलामी खत्म होने के बाद अब कैटेगरी B के खिलाड़ियों के लिए बोली लगना शुरू हो गई है, जहाँ कई और छिपी हुई प्रतिभाओं पर दांव लगाया जाएगा।

कौन है अक्षत रघुवंशी?

अक्षत रघुवंशी, जो अशोक नगर के रहने वाले हैं, पिछली MPL नीलामी में नहीं बिके थे। लेकिन MPL-2025 में इंदौर पिंक पैंथर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उन्होंने चार मैचों में 239 रन बनाए थे और टूर्नामेंट में शतक लगाने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक रहे थे। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने इस बार उनकी कीमत में जबरदस्त इजाफा किया और रीवा जगुआर ने उन पर बड़ी बोली लगाई।

अनिकेत वर्मा का IPL से भी गहरा कनेक्शन है। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 30 लाख रुपए के बेस प्राइस पर रिटेन किया था। अनिकेत ने सनराइजर्स के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए सिर्फ 18 गेंदों पर 43 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया था। यह विस्फोटक पारी उनकी बल्लेबाजी क्षमता का प्रमाण है, जिसने MPL फ्रेंचाइजी का ध्यान खींचा।

वहीं रीवा के कुलदीप सेन, जो IPL में भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं, को बुंदेलखंड बुल्स ने 7 लाख रुपए में खरीदा है। IPL में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 75 लाख रुपए की मोटी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया था। इसी तरह, शिवांग कुमार को भी बुंदेलखंड बुल्स ने 13 लाख रुपए में खरीदा है। शिवांग को IPL में सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख रुपए में खरीदा था, जिससे उनकी ऑलराउंड क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews