आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च, शनिवार को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मुकाबले से ठीक पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को तगड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पहले मैच से बाहर हो गए हैं, जिसकी जानकारी कोच एंडी फ्लावर ने दी।

हेजलवुड का बाहर होना बेंगलुरु के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि वह टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक हैं। उनकी अनुपस्थिति से टीम का गेंदबाजी आक्रमण कमजोर पड़ सकता है, खासकर चिन्नास्वामी स्टेडियम जैसी बल्लेबाजी के मुफीद पिच पर।

कोच एंडी फ्लावर ने हेजलवुड पर क्या कहा?

मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर ने जोश हेजलवुड की फिटनेस पर बात की। उन्होंने साफ किया कि हेजलवुड कल के मैच के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। फ्लावर ने कहा, “हम उनकी फिटनेस पर करीब से नजर रख रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही आईपीएल में अपना पहला मैच खेलेंगे, और हम उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”

हेजलवुड की टीम में वापसी कब होगी, इस पर कोच ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, लेकिन उनकी निगरानी का मतलब है कि टीम प्रबंधन उनकी चोट को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। बेंगलुरु की टीम को हेजलवुड की कमी निश्चित रूप से खलेगी, खासकर शुरुआती मैचों में।

गेंदबाजी आक्रमण पर पड़ेगा असर

जोश हेजलवुड का बाहर होना आरसीबी के गेंदबाजी आक्रमण के लिए एक बड़ी चुनौती है। वह अपनी सटीक लाइन और लेंथ, गति और विविधता के लिए जाने जाते हैं। पिछले सीजन में उन्होंने टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया था, जिससे टीम को महत्वपूर्ण मैचों में जीत दिलाने में मदद मिली। उनकी गैरमौजूदगी में अन्य गेंदबाजों पर दबाव बढ़ जाएगा, जिन्हें हेजलवुड की जगह लेनी होगी।

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने पिछले सीजन में लाजवाब गेंदबाजी की थी। उन्होंने 12 मैचों की 12 पारियों में 17.54 की औसत से 22 विकेट अपने नाम किए थे। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/33 का रहा था। हेजलवुड की इकॉनमी 8.77 की थी, जो टी20 क्रिकेट के लिहाज से काफी अच्छी मानी जाती है। वह उस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे पायदान पर मौजूद रहे थे। उनकी यह आंकड़े उनकी अहमियत को साफ दर्शाते हैं। आरसीबी को उनकी कमी पावरप्ले और डेथ ओवर्स दोनों में महसूस होगी।

कोच एंडी फ्लावर को पसंद है विराट कोहली का अभ्यास

एक तरफ जहां टीम को हेजलवुड के रूप में झटका लगा है, वहीं दूसरी ओर कोच एंडी फ्लावर ने टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि उन्हें विराट कोहली का अभ्यास देखना बहुत पसंद है। फ्लावर ने दिग्गज सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए कहा, “जब मैं खुद खेलता था, तब मैं सचिन तेंदुलकर का अभ्यास देखा करता था। अब विराट कोहली के साथ भी बिल्कुल वैसा ही है। मुझे अपने-अपने आर्ट के मास्टरों को काम करते देखना बहुत अच्छा लगता है।”

कोच ने आगे कोहली की मौजूदा फॉर्म और फिटनेस पर भी बात की। उन्होंने कहा, “विराट इस वक्त अपने खेल के शिखर पर दिख रहे हैं। वह बहुत फिट और बहुत दुबले दिखते हैं, और उनमें जीत की भूख साफ नजर आती है। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें गेंद को सही समय पर हिट करते और मारते हुए देखकर मुझे लगता है कि वह अपने चरम पर हैं।” यह बयान आरसीबी के प्रशंसकों के लिए उत्साहवर्धक है, क्योंकि कोहली का फॉर्म टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।