एमएस धोनी IPL के अगले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे या नहीं इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। दरअसल 45 साल के धोनी ने बेंगलुरु में एक हेल्थकेयर कार्यक्रम के दौरान कहा कि वह मेडिकल टेस्ट के बाद अपनी फिटनेस का आकलन करेंगे और दिसंबर से पहले तय करेंगे कि एक और सीजन खेल सकते हैं या नहीं। बता दें पिछले सीजन पिंडली की समस्या के कारण वह मैदान पर नहीं उतर सके थे।
दरअसल महेंद्र सिंह धोनी ने साफ किया है कि अगले सीजन को लेकर फैसला उनकी फिटनेस रिपोर्ट के आधार पर होगा। उन्होंने मेडिकल टेस्ट और डॉक्टरों की सलाह को अहम बताया है।
ये भी पढ़ें
मेडिकल टेस्ट के बाद तय करेंगे IPL 2027 में खेलना
बेंगलुरु में आयोजित हेल्थकेयर कार्यक्रम के दौरान धोनी से उनके IPL भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया। वहीं इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा और रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि वह एक और सीजन खेलने के लिए कितने फिट हैं। धोनी ने कहा “डॉक्टर, मुझे टेस्ट से गुजरना पड़ेगा। आपको मुझे रिपोर्ट देनी होगी और फिर दिसंबर से पहले मुझे यह देखना होगा कि मैं शायद एक और सीजन खेलने के लिए कितना फिट हूं।” दरअसल धोनी ने अपनी फिटनेस को लेकर मजाकिया अंदाज में डॉक्टरों पर जिम्मेदारी डालते हुए कहा कि उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि वह एक और सीजन खेलने की चुनौती झेल सकें। उन्होंने अपनी तुलना पुरानी विंटेज गाड़ी से भी की और कहा कि डॉक्टरों को यह देखना होगा कि गाड़ी सड़क पर ठीक से चलती रहे। उनके इस बयान से साफ है कि IPL में खेलने का फैसला वह अपनी शारीरिक स्थिति का आकलन करने के बाद ही लेंगे।
पिंडली की चोट के कारण पिछला सीजन नहीं खेले थे धोनी
जानकारी दे दें कि एमएस धोनी पिछले IPL सीजन में पिंडली की समस्या से जूझ रहे थे। इसी वजह से वह पूरे सीजन में मैदान पर नहीं उतर सके। उनकी गैरमौजूदगी में चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2026 के प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई। अब अगले सीजन से पहले उनकी फिटनेस और टीम में भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। धोनी लंबे समय से चेन्नई सुपर किंग्स का अहम हिस्सा रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार IPL का खिताब जीता। हालांकि IPL 2027 में उनकी वापसी होगी या नहीं, इसका जवाब मेडिकल जांच और उनके खुद के फैसले के बाद ही मिलेगा। धोनी ने अभी संन्यास को लेकर कोई घोषणा नहीं की है।
CSK को धोनी के खेलने की उम्मीद
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने भी धोनी के अगले सीजन में खेलने को लेकर बात की है। उन्होंने कहा कि इस बारे में धोनी से ही पूछा जाना चाहिए और जब वह चेन्नई आते हैं तब अपने फैसले की जानकारी देते हैं। विश्वनाथन के मुताबिक धोनी के चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलना जारी रखने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि धोनी अभी खिलाड़ी हैं।
